हाथरस। उत्तर प्रदेश सरकार एवं भारत सरकार की जनकल्याणकारी योजनाएं समाज के अंतिम पंक्ति में खड़े पात्र व्यक्तियों के जीवन में सकारात्मक बदलाव ला रही हैं। प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) ऐसी ही एक महत्वाकांक्षी योजना है, जिसने हजारों परिवारों के अपने पक्के घर के सपने को साकार किया है। जनपद के विकास खण्ड सादाबाद की ग्राम पंचायत सुसायन निवासी श्रीमती सोनिया पत्नी नीरज इसका जीवंत उदाहरण हैं।
लगभग 38 वर्षीय श्रीमती सोनिया अपने पति एवं तीन बच्चों के साथ वर्षों तक एक कच्चे मकान में रहती थीं। बरसात में छत टपकना, गर्मियों में तेज धूप और सर्दियों में कड़ाके की ठंड उनके परिवार के लिए बड़ी चुनौती थी। परिवार की आजीविका मुख्य रूप से मनरेगा के अंतर्गत मिलने वाले मजदूरी कार्य पर निर्भर थी, जिससे जीवन-यापन कठिनाई से हो पाता था।प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के अंतर्गत पात्रता के आधार पर उन्हें पक्का आवास स्वीकृत हुआ। आज उनका परिवार अपने सुरक्षित एवं सम्मानजनक पक्के घर में खुशहाली के साथ जीवन व्यतीत कर रहा है। आवास के साथ-साथ उन्हें विद्युत कनेक्शन, उज्ज्वला योजना के अंतर्गत गैस कनेक्शन, पात्र गृहस्थी राशन कार्ड, व्यक्तिगत शौचालय तथा आयुष्मान भारत योजना के अंतर्गत स्वास्थ्य सुरक्षा जैसी विभिन्न सरकारी योजनाओं का भी लाभ प्राप्त हुआ है।
श्रीमती सोनिया भावुक होकर बताती हैं कि पहले हर वर्ष बरसात और आंधी-तूफान के मौसम में परिवार की सुरक्षा को लेकर चिंता बनी रहती थी, लेकिन अब पक्का घर मिलने से यह चिंता पूरी तरह समाप्त हो गई है। बच्चों को सुरक्षित वातावरण मिला है और पूरे परिवार का जीवन पहले की अपेक्षा अधिक सम्मानजनक एवं सुखद हो गया है।
उन्होंने प्रधानमंत्री एवं मुख्यमंत्री के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सरकार की इस योजना ने उनके परिवार को केवल एक मकान ही नहीं, बल्कि सुरक्षा, सम्मान और बेहतर भविष्य का विश्वास भी दिया है।प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के माध्यम से जनपद में पात्र परिवारों को पक्के आवास उपलब्ध कराकर उनके जीवन स्तर में निरंतर सुधार लाया जा रहा है। जिला प्रशासन सरकार की मंशा के अनुरूप प्रत्येक पात्र एवं जरूरतमंद परिवार तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है।









