बुधवार सुबह करीब आधा घंटा बरसात के बाद कस्बे के कई इलाकों में नालों में गंदगी और जलभराव की समस्या बढ़ गई। गंदे जलभराव की स्थिति से निबटने के लिए स्थानीय वार्ड के सभासद ने पहल करते हुए गंदे नाले की जेसीबी मशीन से व्यापक सफाई कराई। सफाई अभियान के दौरान नाले में जमा कचरा, सिल्ट और मलबे को हटाया गया। तब जाकर कस्बा के कई मुहल्लों में जलभराव की समस्या से लोगों को राहत मिली।
सफाई कार्र कराते हुए सभासद दीपक शर्मा ने बताया कि बरसात के मौसम में नालों की नियमित सफाई बेहद जरूरी है। उन्होंने कहा कि लंबे समय से नाले में गाद और कूड़ा जमा होने के कारण गंदा पानी सड़कों पर आ रहा था, जिससे राहगीरों और स्थानीय लोगों को परेशानी हो रही थी। शिकायत मिलने के बाद नगर पंचायत के सहयोग से जेसीबी मशीन लगाकर यह सफाई कार्य कराया गया। सफाई अभियान में बड़ी मात्रा में कचरा और कीचड़ बाहर निकाली गई। इसके बाद नाले का पानी तेजी से बहने लगा, जिससे स्थानीय लोगों ने राहत महसूस की। सभासद दीपक शर्मा और सुरेंद्र वाष्र्णेय ने लोगों से अपील की कि वे नालों में कूड़ा-कचरा न डालें और स्वच्छता बनाए रखने में नगर पंचायत का सहयोग करें। उन्होंने आश्वासन दिया कि बरसात के पूरे मौसम में जरूरत के अनुसार अन्य नालों की भी सफाई कराई जाएगी, ताकि कस्बे में जलनिकासी व्यवस्था सुचारु बनी रहे।









