सिकंदराराऊ । कस्बानुमा गांव कचौरा में उस समय हड़कंप मच गया, जब चौकी के सामने स्थित एक बर्तन की दुकान में एक नहीं बल्कि दो कोबरा सांप निकल आए। सांपों को देखकर लोगों में अफरा-तफरी मच गई। इसी दौरान वहां से गुजर रहे एक व्यक्ति ने दोनों कोबरा सांपों को पकड़ लिया। आरोप है कि उसने सांपों के दांत तोड़ दिए और उन्हें अपने घर ले गया। अब इस पूरे मामले का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। जिसके बाद वन्यजीव संरक्षण को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं।

बताया जाता है कि कस्बानुमा गांव कचौरा में चौकी के सामने स्थित एक बर्तन की दुकान में अचानक दो कोबरा सांप निकल आए। दुकान में सांप दिखाई देने से लोगों में दहशत फैल गई। मौके पर लोगों भीड़ जुट गई। मौजूद लोगों ने सुरक्षित तरीके से सांपों को हटाने की कोशिश की।
इस दौरान एक व्यक्ति मौके पर पहुंच गया । उसने दोनों कोबरा सांपों को पकड़ लिया। आरोप है कि उक्त व्यक्ति ने सांपों के दांत तोड़ दिए और दोनों को अपने घर ले गया। इस मामले में दुकान स्वामी का कहना है कि कोबरा अत्यंत विषैला सांप होता है और यदि वह किसी व्यक्ति को काट ले तो उसकी जान तक जा सकती है। मामले की शिकायत पुलिस और वन विभाग से की गई है । सोशल मीडिया पर घटना का वीडियो भी तेजी से वायरल हो रहा है । जिसमें कथित तौर पर एक व्यक्ति कोबरा सांप के दांत तोड़ते हुए देखा जा रहा है। हालांकि, इस वायरल वीडियो की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हुई है। अब सभी की नजर पुलिस और वन विभाग की कार्रवाई पर टिकी हुई है।









