हाथरस। हाथरस चार्टर्ड अकाउंटेंट्स एसोसिएशन द्वारा सासनी स्थित बालाजी रिसॉर्ट में सीए दिवस हर्षोल्लास एवं उत्साह के साथ मनाया गया। प्रत्येक वर्ष 1 जुलाई को पूरे देश में सीए दिवस मनाया जाता है। इस अवसर पर एसोसिएशन द्वारा सांस्कृतिक एवं मनोरंजक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया, जिसमें सभी चार्टर्ड अकाउंटेंट्स अपने परिवार सहित शामिल हुए और व्यस्त पेशेवर जीवन से समय निकालकर कार्यक्रम का भरपूर आनंद लिया।

गौरतलब है कि इस वर्ष एसोसिएशन ने पूरे जून माह को सीए माह के रूप में मनाया। इसके अंतर्गत प्रत्येक रविवार को सदस्यों के लिए विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया गया, जिनमें पूल पार्टी, योग अभ्यास एवं बैडमिंटन टूर्नामेंट प्रमुख थे। इन कार्यक्रमों का उद्देश्य सदस्यों को कार्य के तनाव से दूर रखकर उनके मानसिक एवं शारीरिक स्वास्थ्य को प्रोत्साहित करना था।कार्यक्रम के दौरान कपल गेम्स, बच्चों के लिए विशेष खेल तथा हाउसी का आयोजन किया गया, जिससे पूरे वातावरण में उत्साह और उल्लास बना रहा। बैडमिंटन टूर्नामेंट के विजेताओं को ट्रॉफी एवं प्रमाण-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।
बैडमिंटन प्रतियोगिता के परिणाम में पुरुष एकल विजेता – सीए अमन अग्रवाल,उपविजेता – सीए नितिन अग्रवाल, महिला एकल विजेता – सीए प्राची अग्रवाल, उपविजेता – शीतल वार्ष्णेय रहीं।कार्यक्रम का सफल संचालन शीतल वार्ष्णेय, करिश्मा बिंदल एवं पूजा अग्रवाल ने किया।

एसोसिएशन के अध्यक्ष सीए नितिन के. वार्ष्णेय ने सभी सदस्यों को संबोधित करते हुए बताया कि 1 जुलाई 1949 को संसद द्वारा इंस्टीट्यूट ऑफ चार्टर्ड अकाउंटेंट्स ऑफ इंडिया (आईसीएआई ) की स्थापना का मार्ग प्रशस्त हुआ था। तभी से आईसीएआई देश के आर्थिक विकास एवं वित्तीय पारदर्शिता को मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है।
सचिव सीए गितांश बिंदल ने सीए माह के दौरान आयोजित विभिन्न गतिविधियों का उल्लेख करते हुए बताया कि पूल पार्टी, योग अभ्यास एवं बैडमिंटन प्रतियोगिता में सदस्यों एवं उनके परिवारों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। उन्होंने सभी प्रतिभागियों एवं सहयोगियों का आभार व्यक्त किया।
कोषाध्यक्ष सीए प्रतीक अग्रवाल ने बताया कि वर्तमान कार्यकारिणी ने अपने छह माह के कार्यकाल में गणतंत्र दिवस समारोह, होली मिलन एवं भजन संध्या, एसजीएसटी विभाग के साथ मैत्री क्रिकेट मैच तथा नए आयकर अधिनियम 2025 पर तीन दिवसीय ऑनलाइन सेमिनार जैसे अनेक सफल कार्यक्रम आयोजित किए हैं।कार्यक्रम के अंत में सीए माह के सभी आयोजनों को सफल बनाने में विशेष सहयोग के लिए सीए प्रवीण जैन को स्मृति-चिह्न प्रदान कर सम्मानित किया गया।
पूरा कार्यक्रम उत्साह, मनोरंजन और पारिवारिक सौहार्द से भरपूर रहा। सभी चार्टर्ड अकाउंटेंट्स ने बैलेंस शीट, जीएसटी और आईटीआर की व्यस्तताओं को कुछ समय के लिए पीछे छोड़कर अपने परिवार के साथ आनंदमय क्षण बिताए। कार्यक्रम में शहर के वरिष्ठ एवं युवा चार्टर्ड अकाउंटेंट्स की सहभागिता रही।









