फरार आरोपियों पर किया इनाम घोषित

हाथरस। थाना हाथरस गेट क्षेत्र में गत दिनों हुई गैंगवार और फायरिंग के मामले में फरार चल रहे छह आरोपियों पर पुलिस अधीक्षक ने 25-25 हजार रुपए का इनाम घोषित किया है। सभी आरोपी घटना के बाद से फरार हैं।

गत 19 जून को थाना हाथरस गेट क्षेत्र के हतीसा बाईपास स्थित कैलाश ढाबे के पास दो गुटों के बीच जमकर फायरिंग हुई थी। सरेआम हुई गोलीबारी से इलाके में भगदड़ मच गई थी और लोगों में दहशत फैल गई थी। पुलिस ने मामले का स्वतः संज्ञान लेते हुए मुकदमा दर्ज किया था।

जनपद में अपराधियों की गिरफ्तारी हेतु चलाए जा रहे अभियान के क्रम में पुलिस अधीक्षक चिरंजीव नाथ सिन्हा द्वारा थाना हाथरस गेट पर पंजीकृत मुकददमा में वांछित एवं फरार चल रहे 6 आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी सुनिश्चित कराने हेतु प्रत्येक पर पच्चीस हजार रुपये का पुरस्कार घोषित किया गया है।घटना के संबंध में पुलिस द्वारा साक्ष्यों के आधार पर लगातार विवेचनात्मक एवं विधिक कार्यवाही की जा रही है। प्रकरण में नामजद 6 आरोपी घटना के बाद से लगातार फरार चल रहे हैं तथा गिरफ्तारी से बचने के उद्देश्य से अपने ठिकाने बदल रहे हैं।
उक्त संबंध में सीओ सिटी हिमांशु माथुर का कहना है कि गिरफ्तारी के लिए पुलिस की विभिन्न टीमें लगातार संभावित स्थानों पर दबिश दे रही हैं। सर्विलांस, तकनीकी साक्ष्यों एवं मुखबिर तंत्र की सहायता से उनकी तलाश की जा रही है, किन्तु अब तक गिरफ्तारी संभव न होने के कारण पुलिस अधीक्षक द्वारा प्रत्येक आरोपी पर ₹25-25 हजार का पुरूस्कार घोषित किया गया है। आरोपियों में मोना ठाकुर निवासी नगला इमलिया, शानू, अनुज, हेमू ठाकुर उर्फ सचिन, अंकित उर्फ अंकिता निवासीगण गंगचौली, जितेन्द्र निवासी खेड़ा परसौली थाना चन्दपा हैं।
पुलिस अधीक्षक ने कहा है कि जनपद में पुलिस अपराधियों के विरुद्ध प्रभावी एवं कठोर कार्यवाही के लिए प्रतिबद्ध है तथा फरार आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी हेतु अभियान निरंतर जारी है।

Dainik Lalsa
Author: Dainik Lalsa

Leave a Comment