सिकंदराराऊ । कोतवाली क्षेत्र के गांव हरनामपुर निवासी एक युवक ने माल मांगने को एक नामजद को 5 लाख रुपए दिए । रुपए लेने के बाद आरोपी ने माल नहीं भेजा और ना ही रुपए वापस किए। आरोपी गाली गलौज कर युवक को धमकी दे रहा है। पीड़ित ने कोतवाली में नामजद आरोपी के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज कराई है।
गांव हरनामपुर निवासी प्रदीप कुमार पुत्र दरियाब सिंह ने दर्ज कराई रिपोर्ट में कहा है कि उसने आरोपी अमित कुमार सिंह पुत्र राजकुमार सिंह निवासी गांव डंडेश्वरी थाना सिकंदराराऊ हाल निवासी 2356, हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी, सेक्टर 55, बल्लभगढ़, फरीदाबाद, हरियाणा से मोबाइल फोन पर आरएमसी माल सप्लाई करने का सौदा तय किया था। जिसकी कुल 5 लाख रुपए की रकम तय हुई थी । आरोपी की मांग पर उसने उसके खाते एवं फोन पे और एटीएम के माध्यम से 5 लाख रुपए ट्रांसफर कर दिए। रकम प्राप्त करने के बाद आरोपी ने उसको आश्वासन दिया की कल सुबह तक माल पहुंच जाएगा । 5 लाख रुपए लेने के बाबजूद आरोपी ने उसके पास माल नहीं भेजा । आरोपी द्वारा ना ही उसकी रकम वापस की गई। रुपए वापस मांगने पर आरोपी उसके साथ गाली गलौज कर धमकी दे रहा है। रिपोर्ट दर्ज होने के बाद पुलिस ने मामले में विवेचना शुरू कर दी है।









