हाथरस- 29 जून। मुख्यमंत्री ग्राम परिवहन योजना-2026 के प्रभावी क्रियान्वयन एवं ग्रामीण क्षेत्रों में बेहतर परिवहन सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से कलेक्ट्रेट सभागार में संबंधित विभागीय अधिकारियों एवं बस स्वामियों के साथ बैठक करते हुए जिलाधिकारी अतुल वत्स ने आवश्यक कार्यवाही को पूर्ण करते हुए बसों का संचालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने कहा कि मुख्यमंत्री ग्राम परिवहन योजना का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों को सुदृढ़ एवं सुलभ परिवहन सुविधाओं से जोड़ना है, ताकि गांवों में निवास करने वाले नागरिकों को शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार तथा अन्य आवश्यक सेवाओं तक पहुंचने में किसी प्रकार की असुविधा न हो। उन्होंने कहा कि योजना के माध्यम से विशेष रूप से उन ग्रामीण क्षेत्रों को लाभान्वित किया जाएगा, जहां सार्वजनिक परिवहन सुविधाएं सीमित हैं अथवा उपलब्ध नहीं हैं। उन्होंने बस स्वामियों से योजना के अंतर्गत निर्धारित मानकों एवं दिशा-निर्देशों का पूर्ण पालन करते हुए जनहित में परिवहन सेवाओं का संचालन करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में नियमित, सुरक्षित एवं विश्वसनीय परिवहन सेवाएं उपलब्ध कराना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। इससे न केवल ग्रामीण नागरिकों को आवागमन की बेहतर सुविधा मिलेगी, बल्कि क्षेत्र के समग्र विकास को भी गति मिलेगी।
बैठक के दौरान एआरएम रोडवेज ने बताया कि 67 ग्राम पंचायत तथा 13 मार्गाे को चिन्हित किया गया था, जिन पर रोडवेज बसों का संचालन की आवश्यकता है, जिसके क्रम में चार विकास खंडों से आवेदन प्राप्त हुए है। बैठक के दौरान अपर जिला अधिकारी , सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी, एआरएम रोडवेज, बस स्वामी आदि उपस्थित थे।









