मुख्यमंत्री के कार्यक्रम की तैयारियों का जिलाधिकारी ने पुलिस अधीक्षक के साथ किया निरीक्षण

हाथरस। आगामी 28 जून, को उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के प्रस्तावित जनपद भ्रमण कार्यक्रम के दृष्टिगत जिलाधिकारी अतुल वत्स एवं पुलिस अधीक्षक चिरंजीव नाथ सिन्हा ने संयुक्त रूप से औद्योगिक क्षेत्र सलेमपुर स्थित कार्यक्रम स्थल का स्थलीय निरीक्षण कर तैयारियों एवं व्यवस्थाओं का जायजा लिया।


निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने कार्यक्रम स्थल पर प्रस्तावित मंच व्यवस्था, हेलीपैड, वीआईपी आगमन एवं प्रस्थान मार्ग, वाहन पार्किंग, सुरक्षा व्यवस्था, प्रवेश एवं निकासी द्वार, बैरिकेडिंग, पेयजल, विद्युत आपूर्ति, स्वच्छता तथा अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं का गहन निरीक्षण किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से व्यवस्थाओं के संबंध में विस्तृत जानकारी प्राप्त करते हुए सभी कार्यों को निर्धारित समयावधि में गुणवत्ता के साथ पूर्ण कराने के निर्देश दिए।


जिलाधिकारी ने कहा कि मुख्यमंत्री के कार्यक्रम को सफलतापूर्वक संपन्न कराने हेतु सभी विभाग आपसी समन्वय स्थापित करते हुए अपने दायित्वों का निर्वहन करें तथा सौंपे गए कार्यों को समय से पूर्ण कराना सुनिश्चित करें। उन्होंने कार्यक्रम स्थल पर साफ-सफाई, सुचारू विद्युत व्यवस्था एवं यातायात प्रबंधन पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए।
पुलिस अधीक्षक ने सुरक्षा व्यवस्था के दृष्टिगत कार्यक्रम स्थल एवं आसपास के क्षेत्रों में सुरक्षा मानकों के अनुरूप सभी व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने तथा यातायात संचालन को सुचारू बनाए रखने के निर्देश दिए।।
निरीक्षण के दौरान अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व), संबंधित उप जिलाधिकारी, क्षेत्राधिकारी पुलिस, अधिशासी अभियंता लोक निर्माण विभाग सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी आदि उपस्थित थे।

Dainik Lalsa
Author: Dainik Lalsa

Leave a Comment