तीन बाराती गंभीर घायल ,रेफर पुलिस मामले की पड़ताल में जुटी

सिकंदराराऊ। कोतवाली हसायन क्षेत्र के गांव कानऊ में एक शादी समारोह में उस समय अफरा तफरी मच गई ,जब बारात चढ़त के दौरान नाच गाने को लेकर बारातियों एवं ग्रामीणों में गुरुवार देर रात जमकर मारपीट हो गई। बारातियों और ग्रामीणों के बीच विवाद इतना बढ़ गया ,जो देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गया। मारपीट में तीन बाराती गंभीर रूप से घायल हो गए। जिन्हें सीएचसी हसायन से जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। मामले की रिपोर्ट दर्ज कराने को कोतवाली में तहरीर दी गई है।
बताया जाता है कि कोतवाली सिकंदराराऊ क्षेत्र के गांव रामनगर से गुरुवार को गांव कानऊ में बारात आई थी। बारात चढ़ने के दौरान नाच-गाने को लेकर कुछ लोगों और बारातियों में कहासुनी हो गई। आरोप है कि वधू पक्ष के लोगों ने बीच-बचाव का प्रयास किया, लेकिन कुछ शरारती तत्वों ने वर व वधू पक्ष के लोगों के साथ मारपीट शुरू कर दी। जिससे मौके पर अफरा तफरी का माहौल बन गया।
मारपीट में गांव रामनगर निवासी अखिलेश, मनजीत और नितिन गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र हसायन पहुंचाया गया । जहां से चिकित्सकों द्वारा प्राथमिक उपचार के बाद घायलों को जिला अस्पताल हाथरस रेफर कर दिया गया। मारपीट के बाद देर रात करीब 2 बजे वर एवं वधू पक्ष के लोग हसायन कोतवाली पहुंचे और आरोपियों के खिलाफ पुलिस को घटना की जानकारी दी। इस घटना के कारण शादी की रस्में बाधित हो गईं। बाराती अपने गांव लौट गए, लेकिन सुबह करीब चार बजे वर पक्ष के कुछ लोग दोबारा गांव कानऊ पहुंचे । जहां विवाह की शेष रस्में पूरी कराई गईं। गांव में विवाद के बाद तनावपूर्ण माहौल बना हुआ है । पुलिस मामले की पड़ताल में जुट गई है।









