पुलिस शव की पहचान कराने में जुटी
सिकंदराराऊ । कोतवाली क्षेत्र के गांव नगला बंजारा दौलतपुर के निकट बुधवार की दोपहर को एक अज्ञात 22 वर्षीय युवती का शव बंबे में पड़ा मिला। जिससे क्षेत्र में सनसनी मच गई। मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने ग्रामीणों से मृतका के शव की शिनाख्त कराई। किंतु मौके पर उसकी कोई शिनाख्त न हो सकी। पुलिस ने मृतका के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम को भेज दिया।
बताया जाता है कि गांव दौलतपुर के समीप बुधवार की दोपहर 1 बजे करीब गांव के कुछ बच्चे बंबे में नहा रहे थे। इस दौरान बच्चों की नजर पानी में बहते हुए एक 22 वर्षीय युवती के शव पर पड़ी। शव को देख क्षेत्र में खलबली मच गई। मौके पर ग्रामीणों की भीड़ एकत्रित हो गई। मृतका युवती पीले रंग का सलवार सूट पहने हुई थी। मामले की सूचना पुलिस को दी गई। सूचना पाकर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने बंबे से शव को बाहर निकलवाया। पुलिस ने मौके पर मौजूद लोगों से मृतका के शव की पहचान कराई। किंतु मौके पर शव की कोई पहचान नहीं हुई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम को भिजवा दिया। पुलिस मृतका के शव की पहचान कराने में जुट गई है।











