आरएसएस की विभिन्न शाखाओं पर मनाया गया अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस

हाथरस। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की विभिन्न शाखाओ पर अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस मनाया गया। इस अवसर योगाभ्यास किया । वक्ताओं द्वारा योग व पंच परिवर्तन को दैनिक जीवनशैली में शामिल करने की अपील की गई।।
श्रीकृष्ण शाखा ,शिवाजी शाखा ,चाणक्य शाखा ,विश्वकर्मा शाखा,बजरंग शाखा,श्री गुरुजी शाखा पर क्षेत्र के लोगों व स्वयंसेवको ने योगाभ्यास किये।
वीर सावरकर शाखा पर आयोजित योग कार्यक्रम में मुख्य वक्ता आरएसएस के जिला प्रचार प्रमुख आशीष सेंगर ने स्वयंसेवको को सम्बोधित करते हुये कहा कि योग भारत की प्राचीन सांस्कृतिक धरोहर है, जिसे आज विश्वभर में सम्मान प्राप्त है। योग केवल शारीरिक व्यायाम नहीं, बल्कि शरीर, मन और चेतना के बीच संतुलन स्थापित करने वाली जीवन-पद्धति है। उन्होंने बताया कि ‘योग’ का अर्थ ही ‘जुड़ना’ या ‘एक होना’ है।।
उन्होंने कहा कि नियमित योगाभ्यास से शरीर लचीला, मजबूत एवं रोगों से लड़ने में सक्षम बनता है। योग और प्राणायाम मानसिक तनाव को कम कर मन को शांत रखते हैं तथा ध्यान और योगाभ्यास से एकाग्रता, स्मरण शक्ति एवं निर्णय क्षमता का विकास होता है।आशीष सेंगर ने कहा कि राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ अपने शताब्दी वर्ष में समाज जीवन के विभिन्न क्षेत्रों में सकारात्मक परिवर्तन के उद्देश्य से कार्य कर रहा है। इसी क्रम में संघ द्वारा ‘पंच परिवर्तन’ के माध्यम से सामाजिक समरसता, कुटुंब प्रबोधन, पर्यावरण संरक्षण, स्वदेशी तथा नागरिक कर्तव्यों के पालन जैसे विषयों पर जनजागरण किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि योग इन सभी आयामों को सशक्त बनाने का प्रभावी माध्यम है, क्योंकि स्वस्थ, अनुशासित और जागरूक व्यक्ति ही सशक्त परिवार, समाज और राष्ट्र का निर्माण कर सकता है।।
उन्होंने बताया कि संयुक्त राष्ट्र महासभा ने 11 दिसंबर 2014 को 21 जून को अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के रूप में घोषित किया था, जिसका उद्देश्य विश्वभर में योग के प्रति जागरूकता बढ़ाना और लोगों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करना है।उन्होंने सभी से प्रतिदिन प्रातःकाल 20 से 30 मिनट योग एवं प्राणायाम करने का आग्रह करते हुए कहा कि कपालभाति और अनुलोम-विलोम जैसे सरल प्राणायाम से शुरुआत की जा सकती है।अंत में सभी स्वयंसेवकों ने संकल्प लिया कि वे योग को अपनी दैनिक दिनचर्या का अभिन्न अंग बनाएंगे। संघ के शताब्दी वर्ष में पंच परिवर्तन के संकल्पों को जन-जन तक पहुंचाने का प्रयास करेंगे तथा स्वस्थ, समरस, संस्कारित और सशक्त समाज के निर्माण में सक्रिय योगदान देंगे।।
इस मौके पर नगर कार्यवाह भानु ,सह नगर कार्यवाह टिंकू राना ,शाखा के मुख्य शिक्षक राजकुमार , कार्यवाह संदीप मित्तल , नगर सह व्यवस्था प्रमुख संदीप वार्ष्णेय , नगर सह बौद्विक प्रमुख अजय वर्मा ,नगर सह समाजिक सद्भाव प्रमुख जुगनू ,बस्ती प्रमुख विजय वर्मा , आनंद आर्य ,सभासद सूरज माहौर , पीयूष शर्मा , श्याम नारायण सक्सेना , प्रकाश चन्द्र आदि मौजूद थे।









