योग के साथ गौ संरक्षण, जैविक खेती व मिलेट्स/श्री अन्न पर दिया जोर

करें योग रहे निरोग।सुबह हो या शाम, योग देता है आराम।हर घर आँगन योग, रखे सभी को निरोग
हाथरस। 12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस की थीम “Yoga For healthy Ageing”  के अवसर पर जिला स्पोर्टस स्टेडियम में आयोजित योग शिविर में मुख्य अतिथि सांसद अनूप वाल्मीकि व  सदस्य गौ सेवा आयोग दीपक गोयल तथा विशिष्ट अतिथि विधायक सदर श्रीमती अंजुला सिंह माहौर, विधायक सादाबाद प्रदीप कुमार,  जिलाध्यक्ष प्रेम सिंह कुशवाहा एवं जिलाधिकारी अतुल वत्स, पुलिस अधीक्षक चिरंजीव नाथ सिन्हा, मुख्य विकास अधिकारी पी.एन. दीक्षित सहित अधिकारियों, कर्मचारियों एवं परिवारीजन, आमजनमानस ने किया योगाभ्यास।
12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस (थीम – “Yoga For healthy Ageing” ) के अवसर पर आयोजित योग शिविर का शुभारंभ  सदस्य, गौ सेवा आयोग,  सासंद,  विधायकगण,  जिलाध्यक्ष, जिलाधिकारी, पुलिस अधीक्षक ने भगवान धनवंतरी के छविचित्र पर दीप प्रज्ज्वलित एवं माल्यार्पण कर किया। इस मौके पर जनप्रतिनिधिगणों सहित अधिकारियों का स्वागत बुके भेंट कर किया गया। इस अवसर पर  सदस्य, गौ सेवा आयोग दीपक गोयल ने योग, गौ संरक्षण एवं जैविक खेती के महत्व पर विस्तार से प्रकाश डालते हुए कहा कि आज पूरा विश्व भारत की प्राचीन योग परंपरा को अपनाकर स्वस्थ जीवन की दिशा में आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में रासायनिक उर्वरकों एवं कीटनाशकों के अत्यधिक प्रयोग से उत्पादित खाद्य पदार्थों का प्रभाव मानव स्वास्थ्य पर पड़ रहा है। इसलिए हमें जैविक खेती को बढ़ावा देना चाहिए तथा गोबर एवं प्राकृतिक संसाधनों के माध्यम से उत्पादित खाद्यान्नों का अधिकाधिक उपयोग करना चाहिए। गौ संरक्षण भारतीय संस्कृति की महत्वपूर्ण धरोहर है।
सांसद अनूप प्रधान वाल्मीकि ने अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में योग को वैश्विक पहचान मिली है और आज विश्व के 190 से अधिक देशों में योग को अपनाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि योग केवल व्यायाम नहीं, बल्कि स्वस्थ एवं संतुलित जीवन जीने की एक वैज्ञानिक पद्धति है। यदि हम प्रतिदिन योग करेंगे तो निश्चित रूप से निरोग रहेंगे। स्वस्थ शरीर ही बेहतर कार्यक्षमता, सकारात्मक सोच और सफल जीवन का आधार है। उन्होंने सभी से योग को अपनी दैनिक दिनचर्या का हिस्सा बनाने का आह्वान किया।
विधायकगणों एवं अन्य जनप्रतिनिधियों ने अपने संबोधन में कहा कि योग केवल शारीरिक स्वास्थ्य तक सीमित नहीं है, बल्कि यह मानसिक शांति, आत्मिक विकास एवं पारिवारिक संस्कारों को भी सुदृढ़ करता है। उन्होंने कहा कि आज की युवा पीढ़ी फास्ट फूड, पिज्जा, बर्गर एवं कोल्ड ड्रिंक्स की ओर आकर्षित हो रही है, जबकि उन्हें पौष्टिक आहार, फलों एवं प्राकृतिक पेय पदार्थों के सेवन के लिए प्रेरित किया जाना चाहिए। योग एवं संतुलित आहार का समन्वय ही स्वस्थ जीवन का आधार है।  उन्होंने प्रधानमंत्री द्वारा मोटे अनाज (मिलेट्स/श्री अन्न) के उपयोग को बढ़ावा देने की पहल की सराहना करते हुए नागरिकों से अपने दैनिक आहार में श्री अन्न को शामिल करने का आह्वान किया।
जिलाधिकारी अतुल वत्स ने कार्यक्रम में सभी जनप्रतिनिधियों का आभार व्यक्त किया तथा अधिकारियों, कर्मचारियों एवं नागरिकों का स्वागत करते हुए अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस कार्यक्रम की सफलता पर आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि प्रशासनिक प्रशिक्षण के दौरान उन्हें विभिन्न शारीरिक प्रशिक्षण गतिविधियों में भाग लेने का अवसर मिला, किंतु समय के साथ उन्होंने अनुभव किया कि योग शारीरिक स्वास्थ्य के साथ-साथ मानसिक संतुलन और आत्मिक शक्ति प्रदान करने का सबसे प्रभावी माध्यम है। उन्होंने कहा कि योग व्यक्ति को तनावमुक्त जीवन जीने की प्रेरणा देता है तथा आत्ममंथन का अवसर प्रदान करता है। आज के कार्यक्रम में छोटे बच्चों से लेकर वरिष्ठ नागरिकों तक की सहभागिता इस बात का प्रमाण है कि योग वास्तव में सर्वजन हिताय और सर्वजन सुखाय का माध्यम है। उन्होंने कहा कि आधुनिक जीवनशैली में स्वास्थ्य के प्रति सजग रहना अत्यंत आवश्यक है। हमें अपने बच्चों को जंक फूड के स्थान पर पौष्टिक भोजन, फल, सब्जियां एवं श्री अन्न के सेवन के लिए प्रेरित करना चाहिए। उन्होंने बताया कि उन्होंने स्वयं अपने आहार में मक्का, बाजरा एवं ज्वार जैसे मोटे अनाजों को शामिल किया है और इसके सकारात्मक परिणाम अनुभव किए हैं।
कार्यक्रम के दौरान सभी प्रतिभागियों ने नियमित योगाभ्यास करने तथा “करें योग, रहें निरोग” के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया। योग प्रशिक्षकों द्वारा विभिन्न योगासन, प्राणायाम एवं ध्यान प्रक्रियाओं का अभ्यास कराया गया, जिसमें बड़ी संख्या में लोगों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।
योग दिवस के अवसर पर पश्चिम बंगाल में प्रधानमंत्री की अध्यक्षता में आयोजित कार्यक्रम का सजीव प्रसारण प्रर्दशित किया गया। जिसे लोगों ने देखा और सुना एवं योगासनों का अभ्यास किया। अंत में योगाचार्य एवं उनकी टीम को  जनप्रतिनिधिगणों द्वारा प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया तथा  जनप्रतिनिधिगणों को स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया। कार्यक्रम समापन सामूहिक राष्ट्रगान के साथ किया गया।
इस अवसर पर सांसद प्रतिनिधि राजेश सिंह उर्फ गुड्डू, ब्लॉक प्रमुख रामेश्वर उपाध्याय, परियोजना निदेशक, जिला विकास अधिकारी, जिला क्रीड़ा अधिकारी, जिला कार्यक्रम अधिकारी, जिला विद्यालय निरीक्षक, जिला पंचायत राज अधिकारी, जिला आबकारी अधिकारी, जिला होम्योपैथिक चिकित्साधिकारी/आयुष चिकित्सक, सहित अन्य अधिकारी, कर्मचारी, जनप्रतिनिधि, योग प्रशिक्षक, विद्यार्थी तथा प्रिंट एवं इलेक्ट्रॉनिक मीडिया के पत्रकार एवं छायाकार उपस्थित थे।
Dainik Lalsa
Author: Dainik Lalsa

Leave a Comment