
सादाबाद कोतवाली क्षेत्र के जैतई रोड़ पर कल शाम हुए एक सड़क हादसे में गंभीर रूप से घायल एक वृद्धा ने आगरा में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। दुर्घटना में घायल दो अन्य लोगों का अभी उपचार जारी है। वृद्धा की मौत से परिवार में भारी कोहराम मच गया है।।
बताया जाता है थाना सहपऊ क्षेत्र के गांव गुतैहरा निवासी सुनील शाह के मुताबिक उनकी पत्नी श्रीमती बीना देवी, सास सरोज देवी निवासी ग्राम गहतू, थाना निधौली कला एटा और करण निवासी मीरपुरा थाना सहपऊ जैतई रोड़ पर गांव जाने के लिए बाइक खड़ी कर वाहन का इंतजार कर रहे थे। इसी दौरान एक तेज रफ्तार अनियंत्रित कार ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी।।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और कार का अगला हिस्सा भी बुरी तरह टूटकर बाइक में फंस गया। हादसे के बाद तीनों लोग सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल एंबुलेंस को सूचना दी और घायलों की मदद की।एंबुलेंस की सहायता से तीनों घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर हालत को देखते हुए तीनों को आगरा रेफर कर दिया।। घटना की सूचना मिलते ही परिजन भी अस्पताल पहुंच गए थे। वहीं सुनील शाह ने जानकारी दी कि आगरा में इलाज के दौरान उनकी सास सरोज देवी ने दम तोड़ दिया। उनकी पत्नी बीना देवी और करण का उपचार अभी भी जारी है।।
पुलिस ने घटना की जानकारी लेकर आवश्यक कार्यवाही शुरू कर दी है। परिजनों ने दुर्घटना के लिए कार चालक की लापरवाही को जिम्मेदार ठहराते हुए उसके खिलाफ सख्त कार्यवाही की मांग की है। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक विजय सिंह ने बताया कि अभी तक कोई शिकायत नहीं मिली है, शिकायत मिलने पर कार चालक के खिलाफ कार्यवाही की जाएगी।









