सहपऊ में हनुमान टीला मंदिर के दिव्यांग पुजारी की हत्या से सनसनी

सहपऊ। कस्बा स्थित हनुमान टीला मंदिर के दिव्यांग पुजारी की बीती रात्रि को अज्ञात लोगों द्वारा हत्या कर दिए जाने से पूरे क्षेत्र में भारी सनसनी फैल गई और आज सुबह मंदिर परिसर के बरामदे में पुजारी का शव मिलने से इलाके मे हड़कम्प मच गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है।

बताया जाता है थाना क्षेत्र के कस्बा में हनुमान टीला स्थित मंदिर के पुजारी करीब 51 वर्षीय दिलीप उर्फ चंदू लाला की अज्ञात हमलावरों ने हत्या कर दी। आज सुबह उनका शव मंदिर परिसर के बरामदे में पड़ा मिला। घटना की जानकारी मिलते ही क्षेत्र में हड़कंप मच गया और बड़ी संख्या में लोगों की भीड़ मौके पर लग गई।। बताया जाता है पुजारी दिलीप उर्फ चंदू लाला दिव्यांग थे और पिछले आठ माह से हनुमान टीला मंदिर में रहकर पूजा-पाठ कर रहे थे। वह मूल रूप से नगला सुखराम के निवासी थे और अविवाहित थे।


बताया जाता है प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि हमलावरों ने किसी भारी वस्तु से उनके सिर पर वार कर हत्या की है। घटना की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंच गई और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।मामले की जांच के लिए फॉरेंसिक टीम को भी बुलाया गया। सीओ सादाबाद जेएन अस्थाना ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है और घटना के कारणों का पता लगाने में जुटी है।
सीओ सादाबाद जेएन अस्थाना ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मृत्यु के कारणों और हत्या की परिस्थितियों के बारे में स्पष्ट जानकारी मिल सकेगी। फिलहाल मामले की जांच की जा रही है।उन्होंने बताया कि अभी तक किसी भी व्यक्ति ने इस संबंध में लिखित शिकायत नहीं दी है। घटना के खुलासे हेतु पुलिस टीमें गठित कर दी गई है। वहीं, मृतक के परिजनों ने भी किसी पर संदेह व्यक्त नहीं किया है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है।

Dainik Lalsa
Author: Dainik Lalsa

Leave a Comment