एक पेड़ माँ के नाम अभियान के तहत पर्यावरण संरक्षण का दिया गया संदेश

हाथरस। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के जन्मोत्सव एवं विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर श्री टीकाराम सेवा संस्थान द्वारा एक पेड़ माँ के नाम अभियान के अंतर्गत व्यापक वृक्षारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा चलाए जा रहे हरित एवं स्वच्छ उत्तर प्रदेश के संकल्प को जन-जन तक पहुंचाना था।
कार्यक्रम का शुभारंभ संस्थान के प्रादेशिक कार्यालय के समीप रूपनगर कॉलोनी स्थित महादेव मंदिर परिसर में पौधारोपण कर किया गया। इसके पश्चात वृक्षारोपण अभियान को महात्मा गांधी गर्ल्स इंटर कॉलेज में आगे बढ़ाया गया, जहाँ सेवानिवृत्त आईपीएस अधिकारी आदित्य वर्मा के नेतृत्व में विद्यालय स्टाफ एवं श्री टीकाराम सेवा संस्थान के पदाधिकारियों द्वारा विभिन्न प्रजातियों के पौधे लगाए गए।
इस अवसर पर संस्थान के जिलाध्यक्ष योगेंद्र वार्ष्णेय ने अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि वृक्ष मानव जीवन का आधार हैं। आज बढ़ते प्रदूषण और जलवायु परिवर्तन के दौर में प्रत्येक व्यक्ति का यह दायित्व है, कि वह कम से कम एक पौधा अवश्य लगाए और उसकी देखभाल भी करे। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के जन्मोत्सव पर वृक्षारोपण कर हम पर्यावरण संरक्षण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त कर रहे हैं। श्री टीकाराम सेवा संस्थान समाज सेवा के साथ-साथ प्रकृति संरक्षण के क्षेत्र में भी निरंतर कार्य करता रहेगा।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सेवानिवृत्त आईपीएस अधिकारी आदित्य वर्मा ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल सरकारी प्रयासों से संभव नहीं है, बल्कि इसके लिए समाज के प्रत्येक वर्ग की सक्रिय भागीदारी आवश्यक है। उन्होंने युवाओं से अधिकाधिक वृक्ष लगाने तथा प्रकृति के संरक्षण हेतु आगे आने का आह्वान किया।संस्थान के प्रदेश अध्यक्ष अंकुर कुमार ने कहा कि एक पेड़ माँ के नाम अभियान केवल वृक्षारोपण तक सीमित नहीं है, बल्कि यह प्रकृति, मातृत्व और मानवता के प्रति सम्मान व्यक्त करने का एक सशक्त माध्यम है। उन्होंने सभी नागरिकों से अधिकाधिक वृक्ष लगाने और उन्हें संरक्षित रखने की अपील की।। इस अवसर पर जिला संरक्षक रण सिंह सिसोदिया, जिला सह संरक्षक फतेह सिंह, जिला युवा अध्यक्ष विष्णु कुमार,जिला उपाध्यक्ष मनीष शर्मा, जिला महासचिव प्रमोद कुमार, जिला सचिव लक्ष्मीकान्त, जिला विधिक सलाहकार राहुल सिंह, सचिन कुमार शर्मा, तनिष्क कश्यप, अभिषेक कुमार, मोहित शर्मा, देव माथुर, प्रिया रंजन, संजय माथुर, कपिल ग्रोवर, मुकेश दीक्षित सहित संस्थान के अनेक पदाधिकारी, सदस्य एवं विद्यालय परिवार के शिक्षक-शिक्षिकाएं उपस्थित थे।
कार्यक्रम के अंत में सभी जनों ने पर्यावरण संरक्षण, वृक्ष संवर्धन एवं स्वच्छ भारत, हरित भारत के निर्माण हेतु निरंतर कार्य करने का संकल्प लिया। यह कार्यक्रम सामाजिक जागरूकता, पर्यावरण संरक्षण एवं जनभागीदारी का एक प्रेरणादायी उदाहरण बनकर उभरा है।









