
सिकंदराराऊ। एन एच 34 के एटा रोड स्थित गांव मुगलगढ़ी के निकट एक तेज रफ्तार वाहन ने बाइक में टक्कर मार दी। वहीं पहले से खड़े तीन लोगों को भी वाहन ने रौंद दिया। हादसे में चारों लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। बाइक सवार युवकों को जे एन मेडिकल कॉलेज अलीगढ़ में चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। तीनों घायल युवकों का उपचार निजी अस्पताल में चल रहा है। मृतक के चचेरे भाई ने अज्ञात वाहन के चालक के विरुद्ध कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई है।
सुनील सिंह पुत्र नत्थू सिंह निवासी गांव गड़िया दिल्ला अख्वेलपुर मलबा जिला हरदोई ने दर्ज कराई रिपोर्ट में कहा है कि 29 मई की सुबह 11:15 बजे करीब उनका चचेरा भाई महेंद्र सिंह पुत्र रामनाथ बाइक पर सवार होकर अपने गांव से दिल्ली जा रहा था। जैसे ही वह गांव मुगलगढ़ी के समीप पहुंचा। तभी पीछे से तेज गति से आ रहे वाहन ने बाइक में टक्कर मार दी । वहीं पहले से खड़े माजिद पुत्र जहांगीर ,रियाजुद्दीन पुत्र निजामुद्दीन , विशाल सिंह पुत्र अजय कुमार को भी उक्त वाहन ने टक्कर मार दी। हादसे में चारों लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। जहां से चिकित्सकों ने सभी घायलों को अलीगढ़ रेफर कर दिया। घायल महेंद्र सिंह को जे एन मेडिकल कॉलेज अलीगढ़ में चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। तीनों घायलों का उपचार प्राइवेट अस्पताल में जारी है। रिपोर्ट दर्ज होने के बाद पुलिस ने मामले में जांच शुरू कर दी है।









