
कोतवाली क्षेत्र के बिजलीघर कॉलोनी मे देर रात बदमाशों ने अंधाधुंध फायरिंग की। घटना के बाद से पूरे इलाके में दहशत का माहौल है। पीड़ित परिवार और आस-पड़ोस की महिलाएं सदमे में हैं।
सोमवार को घटना की जानकारी देते हुए न्यू बिजलीघर काॅलोनी निवासी श्रीमती महेंद्रिया देवी ने अपनी आपबीती सुनाते हुए बताया कि हमलावरों ने उनके साथ पहले मारपीट की थी। इसके बाद रात को करीब बारह से एक बजे के बीच, बदमाशों ने उनके घर को निशाना बनाते हुए ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। गोलियां उसके दरवाजों और घर के ऊपरी हिस्से में लगीं, कई गोलियां तो आर-पार निकल गईं। हम किसी तरह अपनी जान बचाकर वहां छिपे रहे। पीड़िता के अनुसार, हमला करने आए बदमाशों की संख्या दर्जनभर से अधिक थी। पीडिता ने घटना की शिकायत करते हुए पुलिस से कहा है कि नामजदों ने अपने साथियों के साथ मिलकर इस पूरी वारदात को अंजाम दिया। पीड़ित महिला ने बताया कि हमलावर अपने साथ अन्य कई अज्ञात लोगों को भी लेकर आए थे। पूर्व नियोजित हमला फायरिंग से पहले पीड़ित परिवार के साथ मारपीट की गई थी। रात के सन्नाटे में दर्जनभर से अधिक राउंड फायरिंग से पूरा इलाका गूंज उठा। गोलियां घर के दरवाजों को चीरती हुई आर-पार निकल गईं, जिससे परिवार बाल-बाल बच गया। इस खौफनाक वारदात के बाद से स्थानीय महिलाओं और ग्रामीणों में जहां एक ओर दहशत का माहौल है वहीं भारी आक्रोश भी व्याप्त है। इस संबंध में प्रभारी निरीक्षक विपिन चैधरी ने बताया कि मामला संज्ञान में आया है और बिजलीघर कॉलोनी में हुई फायरिंग की जानकारी मिली है। पीड़ित पक्ष की ओर से तहरीर (शिकायत) मिलते ही नामजद आरोपियों के खिलाफ सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस फिलहाल आरोपियों की तलाश और मामले की जांच में जुटी है।









