न्यू बापू ब्लड बैंक अलीगढ़ की टीम करेगी रक्त संग्रह

सासनी मानव सेवा और सामाजिक सरोकारों को समर्पित वीवीएस राष्ट्रीय संगठन के तत्वावधान में कल 31 मई रविवार को विशाल स्वैच्छिक रक्तदान शिविर का आयोजित किया जा रहा है। यह शिविर सासनी के ऐतिहासिक श्री रामलीला ग्राउंड में सुबह 9 बजे से शुरू होगा।
विशाल रक्तदान शिविर में मुख्य रूप से रक्त संग्रह करने के लिए न्यू बापू ब्लड बैंक अलीगढ़ के विशेषज्ञ चिकित्सकों और पैरामेडिकल स्टाफ की टीम अपनी तकनीकी सेवाओं के साथ मौजूद रहेगी। एकत्रित किया गया रक्त जरूरतमंदों, थैलेसीमिया पीड़ितों और आपातकालीन मरीजों के जीवन को बचाने के काम आएगा। वीवीएस राष्ट्रीय संगठन से कार्यक्रम संयोजक एवं कार्यवाहक जिला संगठन मंत्री दीपेश कुमार वाष्र्णेय ने बताया है कि रक्तदान महादान है और रक्तदाता द्वारा दी गई रक्त की एक बूंद किसी को नया जीवन दे सकती है। संगठन ने सासनी और आसपास के क्षेत्र के सभी ऊर्जावान युवाओं, प्रबुद्ध नागरिकों और सामाजिक कार्यकर्ताओं से अपील की है कि कल 31 मई को भारी संख्या में श्री रामलीला ग्राउंड पहुँचकर इस पुनीत कार्य में सहभागी बनें और बढ़-चढ़कर स्वैच्छिक रक्तदान करें।
शिविर में रक्तदान करने वाले सभी रक्तदाताओं को संगठन की ओर से प्रशस्ति पत्र और स्मृति चिह्न देकर सम्मानित भी किया जाएगा। यह जानकारी संगठन के जिला प्रचार मंत्री वकील वाष्र्णेय द्वारा दी गई है।









