किशोर की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत: परिजनों ने लगाया आरोप

हाथरस थाना हाथरस जंक्शन क्षेत्र में जिम से घर लौट रहे एक 16 वर्षीय किशोर की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो जाने और उसका शव देर रात गांव भोपतपुर के पास मिलने से क्षेत्र में भारी सनसनी फैल गई। मृतक के परिजनों ने हत्या का आरोप लगाते हुए मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है।
बताया जाता है थाना क्षेत्र के गांव मिर्जापुर निवासी करीब 16 वर्षीय किशोर बंटी पुत्र जानकी प्रसाद शुक्रवार शाम जलेसर में जिम करने गया था। मौसम खराब होने के कारण वह देर शाम को घर लौट रहा था, लेकिन देर रात तक वह घर नहीं पहुंचा। परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की, जिसके बाद उसका शव गांव भोपतपुर के पास मिलने से भारी सनसनी फैल गई और मौके पर ग्रामीणों की भीड़ लग गई।
घटना को लेकर मृतक के ताऊ अतर सिंह ने आरोप लगाया कि बारिश के दौरान बंटी जलेसर क्षेत्र के महानमई में एक मदरसा में चला गया था। उनका दावा है कि वहीं उसकी हत्या की गई और बाद में शव को भोपतपुर के पास फेंक दिया गया।
किशोर की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया है तथा परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। मृतक अपने पीछे दो भाई और तीन बहन छोड़ गया है। घटना को लेकर गांव में भी आक्रोश का माहौल देखा गया। वहीं पोरा चैकी प्रभारी ने बताया कि मामला पुलिस के संज्ञान में है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्यवाही की जाएगी। पुलिस का कहना है कि सभी पहलुओं की जांच की जा रही है तथा पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्यवाही की जाएगी।

Dainik Lalsa
Author: Dainik Lalsa

Leave a Comment