ई रिक्शा में सवार महिला से चालक ने की छेड़छाड़ , कान के कुंडल छीने

शोर गुल करने पर भीड़ ने आरोपी को पकड़ा:मारपीट कर किया पुलिस के हवाले:एटा से दवा लेकर लौट रही थी महिला

सिकंदराराऊ। कोतवाली क्षेत्र के एक गांव निवासी महिला से शुक्रवार को ई रिक्शा चालक ने छेड़छाड़ कर दी और उसके कान के कुंडल भी छीन लिए। पीड़िता द्वारा शोर गुल करने पर लोगों की भीड़ एकत्रित हो गई। भीड़ ने आरोपी ई रिक्शा चालक को पकड़ लिया । लोगों ने मारपीट कर आरोपी को पुलिस के हवाले कर दिया । पीड़िता ने आरोपी ई रिक्शा चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराने को कोतवाली में तहरीर दी है।
गांव निवासी पीड़िता महिला ने दी तहरीर में आरोप लगाते हुए कहा है कि वह शुक्रवार की दोपहर 12 बजे करीब एटा से दवा लेकर वापस लौट रही थी। पीड़िता अपने गांव जाने के लिए एक ई रिक्शा में बैठ गई। ई रिक्शा चालक पीड़िता को उसके गांव न ले जाकर उसे क्षेत्र के गांव जिरौली खुर्द ले गया। इस दौरान ई रिक्शा चालक ने रास्ते में ई रिक्शा को रोक लिया और महिला को बुरी नीयत से दबोच लिया । आरोपी ई रिक्शा चालक महिला से छेड़छाड़ करने लगा। आरोप है कि आरोपी ई रिक्शा चालक ने गाली गलौज कर महिला के कान के कुंडल भी छीन लिए। पीड़िता द्वारा शोर गुल करने पर लोगों की भीड़ जुट गई। भीड़ ने आरोपी ई रिक्शा चालक को मौके पर दबोच लिया। लोगो ने मारपीट कर आरोपी ई रिक्शा चालक को पुलिस के हवाले कर दिया । तहरीर मिलने के बाद पुलिस मामले की पड़ताल में जुट गई है ।

Dainik Lalsa
Author: Dainik Lalsa

Leave a Comment