
हाथरस। मंदिर श्री दाऊजी महाराज किला के सेवायत पं. प्रमोद चतुर्वेदी (पोई गुरु) एवं हेमंत चतुर्वेदी ने जानकारी दी है कि किला मंदिर पर पुरुषोत्तम मास (अधिक मास) में पूरे वर्ष में होने वाले सभी त्यौहार इसी पुरुषोत्तम मास में भव्य रूप से मनाये जायेंगे।
इसी क्रम में 22 मई को बल्देव छठ श्री दाऊजी महाराज जन्मोत्सव एवं अभिषेक फूल बंगला व महाआरती के साथ मनाया जायेगा। 23 मई को श्री राधाष्टमी महोत्सव पर श्री रेवती मईया का अभिषेक, मनमोहक झाँकी दर्शन व कीर्तन होगा। 27 मई को एकादशी महोत्सव पर फूल बंगला होंगे। 31 मई को पूर्णिमा पर मंदिर में छप्पन भोग, फूल बंगला व महाआरती के बाद कीर्तन होगा। 11 जून पुरुषोत्तम एकादशी को होली महोत्सव होगा। 14 जून को बैकुंठ चौदस पर श्री दाऊजी महाराज एवं रेवती मईया के मनमोहक झाँकी दर्शन एवं कीर्तन होगा तथा 15 जून को देव दीपावली महोत्सव पर 1100 दीपों का दीपदान व भव्य श्रृंगार दर्शन एवं कीर्तन होगा।। उपरोक्त मुख्य त्यौहारों के अलावा अधिक मास पर मंदिर पर प्रतिदिन झाँकी दर्शन व कीर्तन होंगे। मंदिर सेवायत ने जानकारी देते हुए सभी भक्तजनों से अनुरोध किया है कि अधिक से अधिक संख्या में दर्शन कर सभी महोत्सव का आनंद लेते हुये पुण्य लाभ अर्जित करें।









