विद्यालय आपके द्वार अभियान के लिए गौरव पाठक को मिला डॉ. आंबेडकर सम्मान:खुशी

हाथरस-। अलीगढ़ मंडल में जनपद के श्री नेहरू स्मारक भगवानदास इंटर कॉलेज मेंण्डू में कार्यरत शिक्षक गौरव पाठक को विद्यालय में नामांकन बढ़ाने तथा ड्रॉपआउट बच्चों को शिक्षा की मुख्य धारा से जोड़ने के लिए उनके द्वारा विद्यार्थी हित में चलाए जा रहे विद्यालय आपके द्वार अभियान के लिए राष्ट्रीय स्तर के प्रतिष्ठित डॉ.भीमराव आंबेडकर सम्मान से सम्मानित किया गया है।
शिक्षक को यह सम्मान डॉ. आंबेडकर के 135 वें जन्मोत्सव के अवसर पर गत 14 अप्रैल को प्रदान किया गया है।शिक्षक गौरव पाठक द्वारा पिछले पंद्रह वर्षों से हर वर्ष 14 अप्रैल से 20 मई तक इस अभियान को चलाया जाता है। इसके तहत जिन बच्चों ने अपनी पढ़ाई को किसी कारण से बंद कर दिया था,उनकी पढ़ाई को दोबारा शुरू कराया गया। इसके अलावा जो बच्चे विद्यालय में नहीं आ रहे थे, उनके घर पर पहुंच कर उनके अभिभावकों तथा समाज के प्रतिष्ठित व्यक्तियों के सहयोग से उन्हें विद्यालय आने के लिए प्रेरित किया गया और नए बच्चों के भी प्रवेश उनके घरों पर ही कराए गए। इस सामाजिक अभियान का लाभ लगभग पांच हजार से अधिक छात्र छात्राओं द्वारा उठाया जा चुका है।
शिक्षक के इस सामाजिक अभियान को प्रबंध तंत्र और प्रधानाचार्य द्वारा विद्यालय आपके द्वार नाम दिया गया। दिल्ली की संस्था द्वारा देश के लगभग नौ हजार शिक्षकों में से हाथरस जिले के शिक्षक गौरव पाठक का चयन किया गया। उनका चयन त्रिस्तरीय चयन प्रक्रिया के बाद किया गया।शिक्षक गौरव पाठक द्वारा विद्यार्थी हित में किए जा रहे कार्यों को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान मिल रही है। अभी उनके द्वारा किए गए नवाचारों के लिए भी उन्हें कई पुरस्कारों से पुरस्कृत किया गया है।। शिक्षक गौरव पाठक ने इसका श्रेय प्रधानाचार्य मनोज कुमार राजपूत, उप प्रधानाचार्य ज्ञानेंद्र सिंह राजपूत, अपने परिवार और अपने समस्त विद्यार्थियों को दिया है। उन्होंने कहा कि अगर विद्यार्थी नहीं होते तो उन्हें और उनके कार्यों को कोई नहीं पहचानता। इसलिए इस पुरस्कार के असली हकदार विद्यार्थी ही हैं।

Dainik Lalsa
Author: Dainik Lalsa

Leave a Comment