
हाथरस। जिले के किसान इस समय बेहद कठिन दौर से गुजर रहे हैं। एक ओर हाल ही में हुई ओलावृष्टि और बेमौसम बारिश ने उनकी गेहूं की फसल को भारी नुकसान पहुंचाया है, तो दूसरी ओर प्रशासन की लापरवाही के चलते जिले में अब तक सरकारी गेहूं खरीद केंद्रों पर एक भी कांटा शुरू नहीं किया गया है। यह किसानों पर दोहरी मार है, जिसे किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं किया जा सकता।
उक्त बातें कांग्रेस जिलाध्यक्ष विवेक उपाध्याय ने कहते हुए कहा है कि किसान पहले ही प्राकृतिक आपदा के कारण आर्थिक संकट में हैं। ऐसे समय में उन्हें राहत देने के बजाय मंडियों में औने-पौने दामों पर अपनी उपज बेचने के लिए मजबूर किया जा रहा है। सरकार द्वारा समर्थन मूल्य पर खरीद न होने से अन्नदाता को भारी नुकसान उठाना पड़ रहा है, जो बेहद दुर्भाग्यपूर्ण और निंदनीय है। उन्होंने कहा है कि प्रशासन और प्रदेश सरकार से मांग करता हूं कि तत्काल प्रभाव से जिले के सभी गेहूं खरीद केंद्रों पर कांटे लगाकर खरीद प्रक्रिया शुरू की जाए, ताकि किसानों को उनकी मेहनत की फसल का उचित मूल्य मिल सके। साथ ही ओलावृष्टि और बारिश से प्रभावित किसानों को सर्वे कराकर शीघ्र मुआवजा दिया जाए।
कांग्रेस जिलाध्यक्ष विवेक उपाध्याय ने कहा है कि यदि जल्द ही सरकारी खरीद शुरू नहीं की गई और किसानों को राहत नहीं दी गई, तो कांग्रेस पार्टी किसानों के साथ सड़क पर उतरकर बड़ा आंदोलन करने को बाध्य होगी, जिसकी पूरी जिम्मेदारी प्रशासन और सरकार की होगी। कांग्रेस हमेशा किसानों के हक और सम्मान की लड़ाई मजबूती से लड़ती रही है और आगे भी लड़ती रहेगी।









