
हाथरस- हसायन विकास खंड क्षेत्र के गांव श्रीनगर के खुशालगढ़ निवासी एंव पीसीएस 2024 में चयनित छात्रा कुं. गुंजन के पहली बार गांव आगमन पर जोरदार स्वागत व सम्मान समारोह आयोजित किया गया। उन्हें डिप्टी जेलर के पद पर चयनित किया गया है।
ब्लाक क्षेत्र के ग्राम पंचायत श्रीनगर खुशालगढ़ निवासी चंद्रपाल सिंह एवं श्रीमती सुमित्रा देवी की होनहार बेटी गुंजन कुमारी के डिप्टी जेलर पद पर चयनित होने के बाद उनके पैतृक गांव खुशालगढ़ (श्रीनगर) पहुंचने पर ग्रामीणों में भारी उत्साह देखा गया। ग्रामीण उन्हें हाथरस जंक्शन रेलवे स्टेशन से गाड़ियों के काफिले के साथ गांव लेकर आए। गांव ही नहीं, पूरे क्षेत्र के लोग उनके स्वागत के लिए उमड़ पड़े। गुंजन ने दिल्ली में रहकर पीसीएस 2024 परीक्षा की तैयारी की थी। उन्होंने प्री, मेन्स और साक्षात्कार तीनों चरणों को सफलता पूर्वक पास किया है और उन्हें डिप्टी जेलर के पद पर चैदहवीं रैंक मिली है।
श्रीनगर ग्राम पंचायत के लौंग श्री महाविद्यालय में मुख्य स्वागत कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम से पूर्व छात्रा गुंजन ने माता पथवारी मंदिर पहुंचकर पूजा-अर्चना की। होनहार बेटी गुंजन कुमारी के डिप्टी जेलर पद पर चयनित होने के उपलक्ष्य में आयोजित भव्य स्वागत समारोह में क्षेत्रीय विधायक वीरेंद्र सिंह राणा द्वारा सहभागिता कर बेटी को आशीर्वाद प्रदान किया एवं उज्ज्वल भविष्य हेतु शुभकामनाएँ दीं।
इस मौके पर विधायक वीरेंद्र सिंह राणा ने कहा कि बेटी गुंजन की यह सफलता न केवल उनके परिवार, बल्कि पूरे क्षेत्र के लिए गर्व और प्रेरणा का विषय है। यह उपलब्धि हमारे युवाओं, विशेषकर बेटियों के लिए एक सशक्त संदेश है कि दृढ़ संकल्प, परिश्रम और लगन से कोई भी लक्ष्य प्राप्त किया जा सकता है।












