
सिकंदराराऊ । हसायन क्षेत्र में शुक्रवार की रात्रि को तेज हवाओं के साथ झमाझम बरसात हुई। इससे किसानों के खेतों में खड़ी और कटी हुई रबी की फसलें भीग गईं। जिससे किसान चिंतित हैं। बारिश के कारण क्षेत्र के 60 गांवों की 11 घंटे तक बिजली आपूर्ति भी ठप रही।
पिछले कुछ दिनों से आसमान में काले काले बादल छाए हुए थे। शुक्रवार शाम को मौसम का मिजाज अचानक बदल गया। रात करीब नौ बजे तेज आंधी के साथ बारिश शुरू हुई। इस बारिश से गेहूं, सरसों और गुलाब की फसलें प्रभावित हुई हैं। किसानों का कहना है कि खेतों में कटी हुई सरसों की फसल को भारी नुकसान हो सकता है, जबकि तेज हवा के कारण खड़ी गेहूं की फसल के गिरने की आशंका है। बनवारीपुर, बदनपुर, हसायन समेत कई गांवों के किसान ने बताया कि इस समय गेहूं की कटाई चल रही है और सरसों, गुलाब की फसलें खेतों में पड़ी हैं। इस बारिश से उनकी तैयार फसलें खराब हो सकती हैं। कुछ किसानों ने खाली खेतों में मूंग और मक्का की बुवाई भी की थी, जो इस बारिश से नष्ट होने की आशंका है। बारिश और तेज हवा के कारण हसायन कस्बा और देहात क्षेत्र में विद्युत आपूर्ति
भी बाधित हो गई। शुक्रवार रात नौ बजे से शनिवार सुबह आठ बजे तक लगभग 60 गांवों में बिजली गुल रही । जिससे उपभोक्ताओं और पशुपालकों को रातभर अंधेरे में रहना पड़ा। इस संबंध में उपखंड विद्युत चतुर्थ एसडीओ शुभम सिंह ने बताया कि आंधी बरसात के कारण हाईटेंशन लाइन में ब्रेक डाउन होने की वजह से आपूर्ति ठप्प हो गई थी। आपूर्ति को सही कराए जाने के लिए मरम्मत कार्य कराया गया है । अब आपूर्ति को बहाल कर दिया गया है ।









