सुबह से लेकर रात्रि तक देवी मंदिरों में उमड़ी भक्तो की भीड़ : मां के जयघोषों से गूंजे देवी मंदिर

सिकंदराराऊ । चैत्र नवरात्र के नौवे दिन शुक्रवार को देवी भक्तों द्वारा आस्था के साथ माँ भगवती के नौवे स्वरूप माँ सिद्धिदात्री की घर घर में आराधना की गई। कस्बा के देवी मंदिरों में सुबह से लेकर रात्रि तक भक्तों का मेला लगा रहा। भोर से ही देवी मंदिरों पर पूजा अर्चना करने को श्रद्धा का सैलाब उमड़ पड़ा और माता रानी के दर्शन कर श्रद्धालुओ द्वारा माता रानी परिक्रमा की गई। मंदिरों में दोपहर तक जलाभिषेक के लिए भक्तों की खासी भीड़ उमड़ी । जिससे मंदिरों में माहौल भक्तिमय बना रहा। देवी की पूजा अर्चना करने को भक्तों में खासा उत्साह दिखाई दिया।
शुक्रवार की सबुह से ही भक्तों ने घरों में अग्यारी करके लौंग , कपूर ,सिंदूर, ग़ुग्गल ,फल और पुष्प आदि से माँ की पूजा अर्चना की । देवी मंदिरों में भोर से ही भक्त माता का जलाभिषेक करने को हाथों में लौटा एवं अग्यारी कुंड लेकर पहुँचे । जहाँ भक्तों ने माता रानी का जलाभिषेक कर सुख समृद्धि की मनोकामना पूर्ण करने के लिए प्रार्थना की। दोपहर तक मंदिरों में भक्तो की भीड़ नजर आई । कस्बा के मोहल्ला नगला शीशगर स्थित सिद्धपीठ माँ ब्रजेश्वरी पथवारी माता मन्दिर , पीपल वाली माता मन्दिर , माँ चामुंडा मन्दिर, शिवालय वाली काली माता , केला माता, मां संतोषी माता मंदिर पर माता रानी के दर्शन करने को भोर से ही देवी भक्तों का तांता लगा रहा। शाम को मंदिरों पर रंग बिरंगी विद्युत झालरें लोगो को आकर्षित करती दिखी। मंदिरों में माता रानी के भव्य श्रृंगार किए गए और धार्मिक अनुष्ठानो का आयोजन भी हुआ । माता रानी के जयघोषों से वातावरण भक्तिमय हो गया। देवी की जयघोषों के साथ घंटे घड़ियालों की टंकार गूंजती रही।









