माध्यमिक शिक्षा विभाग अलीगढ़ मंडल द्वारा के.एल. जैन इंटर कॉलेज के खेल मैदान में आयोजित गुरु गौरव कप 2026 क्रिकेट टूर्नामेंट के दूसरे दिन अलीगढ़ स्कॉलर्स ने एटा को हरा दिया, जिसमें आशीष चैधरी जीत के नायक बने।
बता दें कि तेरह मार्च को शुरू हुए इस टूर्नामेंट में मंडल के अलीगढ़, हाथरस, एटा और कासगंज जनपदों के शिक्षक एवं शिक्षणेत्तर कर्मचारी अपनी टीमें लेकर हिस्सा ले रहे हैं। मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद अंजय जैन ने टूर्नामेंट का उद्घाटन करते हुए कहा कि खेल शारीरिक स्वास्थ्य के साथ-साथ आपसी सहयोग, अनुशासन और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना को भी मजबूत करते हैं। उन्होंने शिक्षकों की खेल गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी की सराहना की। समाजसेवी एवं पूर्व प्रधान विष्णु शर्मा उर्फ बंटी शर्मा और संजय उपाध्याय ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त किया। इस अवसर पर उद्घाटन मैच अलीगढ़ स्कॉलर्स और एटा के बीच खेला गया। अलीगढ़ स्कॉलर्स ने पहले बल्लेबाजी करते हुए शानदार प्रदर्शन किया, जिसमें आशीष चैधरी ने धुआंधार पारी खेली। एटा की टीम लक्ष्य का पीछा करते हुए पूरी तरह से ढेर हो गई। परिणामस्वरूप, अलीगढ़ स्कॉलर्स ने यह मैच जीत लिया। आशीष चैधरी ने बल्लेबाजी के साथ-साथ गेंदबाजी में भी कमाल दिखाया, उन्होंने मात्र 11 रन देकर 4 विकेट झटके और टीम की जीत के नायक बने।









