
आगरा अलीगढ रोड न्यू बिजलीघर काॅलोनी स्थित पीएम श्री कंपोजिट स्कूल में विज्ञान मेले का आयोजन किया गया। जिसमें छात्रों ने विकसित भारत के लिए स्वदेशी तकनीक के संकल्प को साकार करते हुए अपनी वैज्ञानिक प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
विद्या वाहिनी अगस्त्य इंटरनेशनल फाउंडेशन के सहयोग से अगस्त्य फाउंडेशन की प्रतिनिधि शिवानी शर्मा और विवेक अग्रवाल के निर्देशन में बच्चों ने मॉडल तैयार किए। आयोजित विज्ञान मेले में विद्यार्थियों ने डेढ दर्जन से अधिक विज्ञान मॉडल प्रस्तुत किए। इन मॉडलों के माध्यम से उन्होंने जटिल वैज्ञानिक सिद्धांतों को सरल और प्रभावी ढंग से समझाया। वहीं आगंतुकों ने बच्चों के आत्मविश्वास और स्वदेशी तकनीक पर आधारित उनके मॉडलों की सराहना की। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि खंड शिक्षा अधिकारी (वीईओ) अखिलेश प्रताप सिंह ने प्रत्येक स्टाल का बारीकी से अवलोकन किया। उन्होंने बच्चों के वैज्ञानिक दृष्टिकोण की प्रशंसा करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन भविष्य के वैज्ञानिकों को जन्म देते हैं।









