दूनाइट्स आस्था व समर्थ के वैज्ञानिक आइडिया ने बढ़ाया जनपद में मान


हाथरस। दून पब्लिक स्कूल के प्रतिभाशाली विद्यार्थियों ने विद्यालय प्रधानाचार्य जे. के. अग्रवाल के प्रेरणादायक नेतृत्व में एक बार फिर अपनी वैज्ञानिक सोच और रचनात्मकता का परिचय देते हुए बड़ी उपलब्धि हासिल की है।
भारत सरकार की इंस्पायर मानक योजना में जनपद से सीबीएसई बोर्ड के केवल तीन विद्यार्थियों का चयन हुआ है, जिनमें से दो विद्यार्थी दून पब्लिक स्कूल के हैं। जिनमें में कक्षा नौवीं से आस्था गुप्ता का आइडिया बाढ़ पीड़ितों को बचाने के लिए इस्तेमाल की जाने वाली मशीन और कक्षा आठवीं से समर्थ चैहान का आइडिया-वॉटर लीक डिटेकटर का आइडिया राज्य स्तर के लिए चयनित हुए हैं। भारत सरकार की इंस्पायर मानक योजना के अंतर्गत जिले भर से लगभग 2200 विद्यार्थियों ने अपने विज्ञान मॉडल के नवाचारपूर्ण आइडिया ऑनलाइन पंजीकृत कर भारत सरकार को भेजे थे। इन हजारों प्रविष्टियों में से जनपद के कुल 41 विद्यार्थियों का चयन किया गया है, जो अब राज्य स्तर पर अपने नवाचारों का प्रदर्शन करेंगे।
दून पब्लिक स्कूल के विद्यार्थियों की इस उपलब्धि ने विद्यालय के साथ-साथ पूरे जनपद को गौरवान्वित किया है। इस अवसर पर विद्यालय के प्रधानाचार्य जे.के.अग्रवाल ने चयनित विद्यार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि आज का युग विज्ञान और नवाचार का युग है। हमारे विद्यार्थियों का राष्ट्रीय स्तर की योजना में चयनित होना, इस बात का प्रमाण है कि दून पब्लिक स्कूल के बच्चे न केवल पढ़ाई में बल्कि रचनात्मक और वैज्ञानिक सोच में भी अग्रणी हैं। मुझे विश्वास है कि ये नन्हे वैज्ञानिक भविष्य में देश के लिए नई खोजों और नवाचारों का मार्ग प्रशस्त करेंगे।
उन्होंने आगे कहा कि विद्यालय सदैव विद्यार्थियों को अनुसंधान, प्रयोग और नवाचार के लिए प्रेरित करता है, जिससे उनमें वैज्ञानिक दृष्टिकोण विकसित हो सके। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए आशा व्यक्त की कि वे राज्य स्तर पर भी उत्कृष्ट प्रदर्शन कर जनपद और विद्यालय का नाम रोशन करेंगे।दून पब्लिक स्कूल के इन नन्हे वैज्ञानिकों की उपलब्धि निश्चित ही आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा का स्रोत बनेगी।

Dainik Lalsa
Author: Dainik Lalsa

Leave a Comment