ट्रक को मौके पर छोड़कर चालक हुआ फरारःपुलिस ने लिया कब्जे में
सिकन्द्राराऊ कोतवाली क्षेत्र के एटा रोड स्थित गांव सिकंदरपुर के समीप एक तेज रफ्तार ट्रक ने सड़क पार कर रहे भेड़ के झुंड को रौंद दिया । हादसे में 24 भेड़ों की मौके पर दर्दनाक मौत हो गई । जबकि 18 भेड़ गंभीर रूप से घायल हो गई । घटना को अंजाम देकर ट्रक चालक ट्रक को मौके पर छोड़कर भाग जाने में सफल रहा । पीड़ित पशु पालको ने कोतवाली में अज्ञात ट्रक चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है।।
बताया जाता है क्षेत्र के गांव नगला बैरागी और रतिभानपुर निवासी चार भाई इंद्रपाल, तेजपाल, भूदेव ,केशवदेव शुक्रवार की सुबह करीब 60 भेड़ों को चराने को निकले थे। दोपहर करीब 3रू30 करीब भेड़ों का झुंड गांव सिकंदरपुर के निकट सड़क पार कर रहा था। इस दौरान एटा की ओर से तेज गति से आ रहे एक ट्रक ने भेडों के झुंड को रौंद दिया। हादसे में 24 भेड़ों की मौके पर दर्दनाक मौत हो गई और 18 भेड़ गंभीर रूप से घायल हो गई । हादसे के बाद मौके पर लोगों की भारी भीड़ एकत्रित हो गई। इस दौरान घटना को अंजाम देकर ट्रक चालक ट्रक को छोड़कर मौके से फरार हो गया ।। मामले की सूचना पुलिस को दी गई। पुलिस ने तत्काल सूचना पशु चिकित्सालय को दी । सूचना पाकर पशु विभाग की टीम मौके पर पहुंच गई । जहां टीम ने घायल भेड़ों का उपचार करना शुरू कर दिया। पुलिस ने ट्रक को अपने कब्जे में लिया है और कोतवाली पहुंचा दिया । रिपोर्ट दर्ज होने के बाद पुलिस ट्रक चालक की तलाश में जुट गई है ।









