
सिकन्द्राराऊ-26 फरवरी । कासगंज रोड स्थित गांव फतेलीपुर के निकट एक तेज रफ्तार कार ने ऑटो में टक्कर मार दी । टक्कर के बाद ऑटो अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे में ऑटो में सवार एक महिला समेत चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को उपचार के लिए प्राइवेट अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां उनका उपचार जारी है। घायल युवक के भाई ने कोतवाली में अज्ञात कार चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है।
कोतवाली में मनोज कुमार पुत्र महेश चंद्र निवासी तालिम नगर थाना गोधा अलीगढ़ ने दर्ज कराई रिपोर्ट में उल्लेख किया है कि गत 22 फरवरी की शाम 6.30 बजे करीब उनका भाई शौकित व उनकी पत्नी वंदना ऑटो में सवार होकर गांव बाजिदपुर से लौट रहे थे । ऑटो में उनके परिचित अर्जुन कुमार पुत्र धर्मपाल सिंह और रेहान पुत्र भाई खान भी सवार थे। जैसे ही ऑटो गांव फतेलीपुर के समीप पहुंचा । तभी पीछे से तेज गति से आ रही एक कार ने ऑटो में टक्कर मार दी। जिससे ऑटो अनियंत्रित होकर पलट गया। ऑटो पलटने से ऑटो में सवार शौकित , वंदना, अर्जुन कुमार, रेहान गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ एकत्रित हो गई। आनन फानन में सभी घायलों को उपचार के लिए एक प्राइवेट अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां घायलों का उपचार चल रहा है। रिपोर्ट दर्ज होने के बाद पुलिस ने मामले में जांच शुरू कर दी है









