सासनी के ग्राम रूहेरी में राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस का शुभारंभ, बच्चों को दवा पिलाकर किया कृमि मुक्त


 गांव रूहेरी में प्राथमिक विद्यालय एवं आंगनबाड़ी केंद्र पर एसडीएम नीरज शर्मा ने फीता काटकर एवं बच्चों को स्वयं अल्बेंडाजोल की गोली खिलाकर राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस का शुभारंभ किया।
मंगलवार को आयोजित कार्रक्रम में एसडीएम ने बताया कि राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस के अंतर्गत एक से उन्नीस वर्ष आयु वर्ग के सभी बच्चों, किशोर एवं किशोरियों को सभी प्राथमिक एवं उच्च प्राथमिक विद्यालयों तथा समस्त आंगनबाड़ी केंद्रों पर निशुल्क अल्बेंडाजोल की गोली खिलाई जा रही है। उन्होंने बताया कि जो बच्चे किसी कारणवश आज दवा नहीं ले पाएंगे, उन्हें तेरह फरवरी को निर्धारित मॉप-अप डे पर यह दवा खिलाई जाएगी, ताकि कोई भी बच्चा इस अभियान से वंचित न रहे। प्रभारी चिकित्सा अधिकारी डॉ. पंकज कुमार बताया कि बच्चों में कुपोषण का एक प्रमुख कारण पेट में कीड़े होना भी है, जिससे शारीरिक एवं मानसिक विकास प्रभावित होता है। इसी को ध्यान में रखते हुए सरकार द्वारा वर्ष में दो बार अल्बेंडाजोल की गोली खिलाने का कार्यक्रम संचालित किया जाता है, जिससे बच्चों को कृमि संक्रमण से मुक्त कर स्वस्थ बनाया जा सके। कार्यक्रम के दौरान बच्चों को दवा खिलाने के साथ-साथ साफ-सफाई, स्वच्छता, हाथ धोने की आदत और स्वास्थ्य के प्रति जागरूक रहने के संदेश भी दिए गए। ग्रामवासियों ने इस जनकल्याणकारी अभियान की सराहना करते हुए प्रशासन एवं स्वास्थ्य विभाग का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम में खंड शिक्षा अधिकारी अखिलेश कुमार सिंह, स्वास्थ्य शिक्षा अधिकारी श्री चतुर सिंह, प्रभारी बाल विकास अधिकारी सासनी श्रीमती स्मृति दुबे, बीएचडब्ल्यू श्रीमती इंद्रा शर्मा, आंगनबाड़ी सुपरवाइजर ममता सहित शिक्षा, स्वास्थ्य एवं बाल विकास विभाग के अन्य कर्मचारी उपस्थित रहे। सभी अधिकारियों ने अभियान को सफल बनाने हेतु आपसी समन्वय के साथ कार्य करने पर बल दिया।

sunil sharma
Author: sunil sharma

REPORTER SASNI

Leave a Comment