मांगों को लेकर कल देश भर में बैंक अधिकारी हड़ताल पर

हाथरस- 26 जनवरी। पब्लिक सेक्टर, प्राइवेट सेक्टर एवं रीजनल रूरल बैंकों में कार्यरत अधिकारियों का प्रतिनिधित्व करने वाले संगठन ऑल इंडिया बैंक ऑफिसर्स एसोसिएशन ने अपनी लंबित एवं महत्वपूर्ण मांगों के समर्थन में कल 27 जनवरी को देशव्यापी अखिल भारतीय स्टे-आउट हड़ताल का आह्वान किया है।।
ऑल इंडिया बैंक ऑफिसर्स एसोसिएशन की प्रमुख मांगों में आईडीबीआई बैंक में प्रस्तावित विनिवेश प्रक्रिया का विरोध, हरियाणा, केरल एवं तमिलनाडु में ऑपरेशनल कमांड एरिया वाले तीन रीजनल रूरल बैंकों के पुनर्गठन का विरोध तथा भारतीय जीवन बीमा निगम में 100 प्रतिशत तक विदेशी प्रत्यक्ष निवेश की अनुमति देने के भारत सरकार के निर्णय का विरोध शामिल है।इसके अतिरिक्त, इंडियन बैंक्स एसोसिएशन द्वारा 8 मार्च 2024 को चार अधिकारी संगठनों के साथ एक समझौता ज्ञापन (एमओयू ) पर हस्ताक्षर किए गए थे, जिसमें गत 8 मार्च से छह माह के भीतर शेष लंबित मुद्दों के समाधान का आश्वासन दिया गया था। इन प्रमुख मुद्दों में पांच दिवसीय बैंकिंग सप्ताह, विनियमित कार्य घंटे, अधिकारियों एवं कर्मचारियों को पीएलआई , पेंशन का अद्यतन, प्राइवेट सेक्टर बैंकों में सेवानिवृत्त अधिकारियों को अनुग्रह राशि का भुगतान, तथा एमओयू में उल्लिखित अन्य विषय शामिल हैं। दुर्भाग्यवश, निर्धारित समयावधि बीत जाने के बावजूद इन मुद्दों पर कोई ठोस प्रगति नहीं हुई है।।
उल्लेखनीय है कि ऑल इंडिया बैंक ऑफिसर्स एसोसिएशन ने पूर्व में 24 एवं 25 मार्च को दो दिवसीय हड़ताल का नोटिस जारी किया था, जिसे 21 मार्च को हुई सुलह कार्यवाही में सरकार एवं आईबीए प्रतिनिधियों द्वारा दिए गए आश्वासन के आधार पर स्थगित कर दिया गया था। किंतु आश्वासनों के बावजूद समस्याओं के समाधान में कोई प्रगति न होने के कारण संगठन को पुनः आंदोलन का मार्ग अपनाने के लिए बाध्य होना पड़ा है।एआईबीओए ने यह भी स्पष्ट किया है कि 1 जनवरी से बैंक अधिकारियों को सायं 7 बजे से प्रातः 9 बजे तक “राइट टू डिस्कनेक्ट” का पालन करने के निर्देश दिए गए हैं, जिससे अधिकारियों को स्वस्थ कार्य-जीवन संतुलन प्राप्त हो सके।
संघ को भली-भांति ज्ञात है कि इस हड़ताल से बैंकिंग सेवाओं के उपभोक्ताओं को असुविधा हो सकती है, इसके लिए संगठन खेद प्रकट करता है। तथापि, पब्लिक सेक्टर बैंकों एवं वित्तीय संस्थानों को सुदृढ़ बनाए रखने तथा बैंक अधिकारियों के वाजिब अधिकारों और कार्य-जीवन संतुलन की प्राप्ति हेतु यह कदम आवश्यक हो गया है।।

उत्तर प्रदेश ग्रामीण बैंक अधिकारी एसोसिएशन ने आम जनता एवं उपभोक्ताओं से अपने आंदोलन को समर्थन देने की अपील की है।यह जानकारी उत्तर प्रदेश ग्रामीण बैंक अधिकारी एसोसिएशन के अध्यक्ष
संजीव विश्नावत ने दी है।

Dainik Lalsa
Author: Dainik Lalsa

Leave a Comment