अभिभावक ने कॉलेज पहुंचकर प्रधानाचार्य एवं शिक्षको से की अभद्रता

सिकंदराराऊ। कोतवाली हसायन क्षेत्र के गांव गड़ौला स्थित सीताराम सिंह इंटर कॉलेज में यूनिफॉर्म और पहचान पत्र के बिना आए छात्रों को प्रवेश नहीं दिए जाने पर गुरुवार को छात्रों ने विद्यालय में जमकर हंगामा किया । छात्रों ने कॉलेज के मुख्य द्वार पर शोर शराबा किया और जबरन अंदर घुस गए । बाद में एक छात्र के अभिभावक ने कॉलेज पहुंचकर प्रधानाचार्य और शिक्षकों के साथ अभद्रता की । विद्यालय के प्रधानाचार्य ने आरोपी अभिभावक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करने को कोतवाली में तहरीर दी है।
कॉलेज के प्रधानाचार्य मुकेश कुमार कन्नौजिया ने दी तहरीर में उल्लेख किया है कि गत 22 जनवरी की सुबह 11 बजे करीब कॉलेज में शिक्षक गणतंत्र दिवस, बसंत पंचमी और नेताजी सुभाष चंद्र बोस की जयंती को लेकर कार्यक्रमों की तैयारी करा रहे थे। तभी सीनियर क्लास छात्रों का समूह बिना यूनिफार्म (गणवेश) पहचान पत्र के कॉलेज में घुस आए। जब उन्होंने छात्रों को रोक कर यूनिफॉर्म पहनकर एवं पहचान पत्र लेकर आने के लिए कहा तो छात्रों ने शोर शराबा करना प्रारंभ कर दिया। छात्र हंगामा करते रहे। प्रधानाचार्य ने हंगामा कर रहे छात्रों के समूह को कॉलेज में प्रवेश करने से मना कर दिया। इस दौरान गांव गड़ौला निवासी एक इंटरमीडिएट के अभिभावक कॉलेज पहुंचे। उन्होंने प्रधानाचार्य एवं शिक्षको के साथ गाली गलौज कर अभद्र व्यवहार किया। तहरीर मिलने के बाद पुलिस मामले की पड़ताल में जुट गई है।









