
सिकन्द्राराऊ- 24 जनवरी। थाना हसायन क्षेत्र के गांव नवाबपुर रोड पर सड़क किनारे खड़े होकर वाहन का इंतजार कर रहे चार लोगों को एक तेज रफ्तार मैक्स गाड़ी ने टक्कर मार दी । हादसे में चारों लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों का उपचार अलीगढ़ में एक प्राइवेट अस्पताल में चल रहा है। घायल युवक की मां ने कोतवाली हसायन में अज्ञात मैक्स चालक के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज कराई है।
थाने में किरण देवी पत्नी धनराज सिंह निवासी गांव टुकसान धन्ना कला ने दर्ज कराई रिपोर्ट में कहा है कि गत 19 जनवरी को उसका पुत्र सचिन कुमार अपने मित्र सौरभ के साथ श्यामपुर वाली माता पर गया था । दोपहर साढ़े 3 बजे करीब दो मित्र गांव नवाबपुर रोड पर खड़े होकर वाहन का इंतजार कर रहे थे। तभी वहां जाकिर और रामविलास भी आ गए । चारो लोग सड़क किनारे कच्चे में खड़े होकर बातचीत करने लगे। इस दौरान सिकन्द्राराऊ की ओर से तेज गति से आ रही मैक्स गाड़ी के चालक ने चारों लोगो को रौंद दिया। हादसे में चारों लोग गंभीर रूप से घायल हो गए । सभी घायलों का उपचार अलीगढ़ में एक निजी अस्पताल में जारी है। रिपोर्ट दर्ज होने के बाद पुलिस ने मामले में जांच शुरू कर दी है।









