
हाथरस-15 जनवरी। शहर के व्यस्ततम मार्गों में शामिल मुंशी गजाधर सिंह मार्ग स्थित मौहल्ले में विद्युत विभाग एवं नगर पालिका की गंभीर लापरवाही सामने आ रही है, जो कभी भी बड़े हादसे का कारण बन सकती है। स्थानीय नागरिकों के अनुसार लगभग 15 दिन पूर्व शहर के विद्युत विभाग द्वारा इस मार्ग पर लगे पुराने 8 से 10 बिजली के खंभों को उखाड़ लिया गया था। खंभे उखाड़े जाने के बाद नाली के किनारे एक गहरा गड्ढा बन गया, जिसकी अब तक न तो भराई कराई गई और न ही नाली की मरम्मत की गई।।
इस लापरवाही के चलते एक बिजली का खंभा नाली की ओर एक तरफ से झुक गया है, क्योंकि उसकी एक साइड की पूरी सपोर्ट समाप्त हो चुकी है। वर्तमान स्थिति में यह खंभा किसी भी समय गिर सकता है, जिससे राहगीरों, वाहन चालकों एवं आसपास के निवासियों को गंभीर खतरा बना हुआ है।।
गौरतलब है कि इसी मार्ग पर सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज स्थित है, जहां प्रतिदिन सैकड़ों छात्र-छात्राएं, शिक्षक एवं अभिभावक आवागमन करते हैं। इसके अतिरिक्त यह मार्ग शहर का प्रमुख संपर्क मार्ग होने के कारण प्रतिदिन हजारों लोगों का आवागमन रहता है। ऐसे में झुका हुआ बिजली का खंभा एवं टूटी नाली किसी भी समय जान-माल की क्षति का कारण बन सकती है।स्थानीय लोगों का कहना है कि इस समस्या की जानकारी संबंधित विभागों को दिए जाने के बावजूद अब तक कोई ठोस कार्यवाही नहीं की गई है। यदि समय रहते इस ओर ध्यान नहीं दिया गया और कोई दुर्घटना घटित होती है, तो इसकी पूरी जिम्मेदारी नगर पालिका एवं विद्युत विभाग की होगी।।
स्थानीय संजीव कुमार द्वारा प्रशासन से मांग की गई है कि उक्त झुके हुए बिजली के खंभे के कारण क्षतिग्रस्त नाली की तत्काल मरम्मत कराई जाए तथा मुंशी गजाधर सिंह मार्ग पर उखाड़े गए सभी 8–10 बिजली के खंभों को शीघ्र दुरुस्त कर सुरक्षित स्थिति में स्थापित किया जाए, ताकि किसी भी संभावित हादसे को रोका जा सके।









