लोहड़ी पर्व की रही धूम: पूजा के साथ गाय गिद्दा: किया भांगड़ा

हाथरस-14 जनवरी। लोहड़ी का त्योहार बीती रात्रि को शहर की पंजाबी कालौनियों में भारी श्रद्धा, आस्था, उत्साह एवं भक्ति भाव व उल्लास के साथ मनाया गया। शाम को पंजाबी कॉलोनियों के कई घरों में लोगों ने मिल-जुलकर लोहड़ी का जश्न मनाया और घरों के आंगन में लोहड़ी जलाई गई तथा ढोल की थाप और संगीत की धुनों पर गिद्दा और भांगड़ा डांस किया गया।।
लोहडी के पर्व पर शहर के रामनगर कॉलोनी, पंजाबी क्वार्टर, त्रिपुरारी नगर, हीरालाल क्वार्टर, नेहरू कॉलोनी व लेबर कॉलोनी आदि इलाकों में कल शाम को लोहड़ी के जश्न की रौनक नजर आई। पंजाबी समाज के लोगों ने अग्नि प्रज्ज्वलित कर लोहड़ी जलाई और उसके चारों ओर परिक्रमा करते हुए पारंपरिक नृत्य भांगड़ा और गिद्दा किया गया।
लोहड़ी में मूंगफली, पिंड खजूर, गजक, मक्का और रेवड़ी डाली गई। उन परिवारों में लोहड़ी का जश्न जोर-शोर से मनाया गया, जिनमें बेटे का जन्म हुआ है या बेटे की शादी हुई है। यहां नाच-गाने के बीच परिजन, रिश्तेदार और आस-पड़ोसियों को शानदार दावत दी गई। बुजुर्ग महिलाओं ने भी जमकर गिद्दा गाया।। शहर के खातीखाना में भी लोहड़ी के त्योहार पर युवा समाजसेवी जीतू अरोड़ा के आवास पर भी लोहड़ी का पर्व भारी आस्था एवं श्रद्धा के साथ मनाया गया और इस दौरान महिलाओं द्वारा जहां जमकर डांस व भांगड़ा किया। वही लोहड़ी पर विधिवत पूजा अर्चना भी की गई। इस दौरान निधि अरोरा, रिया अरोड़ा, वंश अरोड़ा,नीतू आदि ने जमकर गिद्दा गाए और नृत्य किया।।
शहर के अलीगढ़ रोड स्थित गुरुद्वारा गुरुनानक दरबार साहिब में लोहड़ी के मौके पर विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस मौके पर पहुंचे पंजाबी समाज के लोगों ने बैंड व ढोल की थाप पर संगीतमय गिद्दा गाए। समाज के लोगों ने नृत्य भी किया। इस आयोजन में मुख्य ग्रंथी ज्ञानी हरपाल सिंह ज्ञानी, गुरुद्वारा प्रबंध कमेटी के अध्यक्ष एवं प्रमुख समाजसेवी तजवंत कालरा, हरवंश अरोरा बल्ले, गुलशन सूरी आदि का अहम योगदान रहा।

Dainik Lalsa
Author: Dainik Lalsa

Leave a Comment