
सिकन्द्राराऊ-14 जनवरी । कासगंज रोड स्थित गांव नावली के निकट एक बाइक में तेज रफ्तार बोलेरो मैक्स ने टक्कर मार दी। टक्कर के फलस्वरूप बाइक पर बैठे एक युवक की मौके पर मौत हो गई तथा एक बच्चा समेत दो लोग घायल हो गए। घायलों को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। जहां से घायलों को रेफर कर दिया गया है। पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम को भेजा है।।
बताया जाता है मोहन पुत्र राजेंद्र प्रसाद निवासी गांव पापरी थाना चंदपा उम्र 22 वर्ष बाइक पर सवार होकर गांव पचों से सिकन्द्राराऊ की तरफ आ रहे थे। बाइक पर उनके साथ सनी पुत्र कन्हैयालाल तथा दिव्यांशु पुत्र शेखर उम्र 8 वर्ष निवासी गांव पचो बैठे हुए थे। जैसे ही बाइक सवार कासगंज रोड स्थित गांव नावली के समीप पहुंचे, तभी कासगंज की ओर से तेज गति से आ रही एक बोलेरो मैक्स ने बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में गंभीर रूप से घायल मोहन 22 वर्ष की मौके पर ही मौत हो गई तथा पीछे बैठे सनी एवं दिव्यांशु गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया । जहां से चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद घायलों को अलीगढ़ मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया।। दुर्घटना के बाद लोगों ने बोलेरो मैक्स को मौके पर ही पकड़ लिया तथा सूचना पर पहुंची पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।









