पूर्व पालिकाध्यक्ष आशीष शर्मा ने शासन एवं जिलाधिकारी को लिखा पत्रःबोले
हाथरस-23 जुलाई। जिले के ग्रामीण व शहरी क्षेत्र में विद्युत आपूर्ति सुचारू की मांग को लेकर आज पूर्व पालिका अध्यक्ष आशीष शर्मा ने जिलाधिकारी को पत्र लिखकर निर्वाध विद्युत आपूर्ति दिलाए जाने का अनुरोध किया है, जिससे आम जनजीवन प्रभावित न हो।
पूर्व पालिका अध्यक्ष आशीष शर्मा ने जिलाधिकारी को पत्र लिखकर कहा है कि विगत 3 माह से जनपद में विद्युत आपूर्ति लगभग ठप्प सी हो गई है। जबकि पिछले 6 वर्षों से भाजपा सरकार में विद्युत आपूर्ति सुचारू चल रही थी। विगत 3 माह से विद्युत की सप्लाई या तो बाधित रहती है या फिर ट्रिपिंग इतनी अधिक होती है कि पंखा, कूलर व एसी ठीक से काम नहीं कर पाते हैं। जबकि हाथरस टी.टी.जैड श्रेणी में आता है और इस श्रेणी में निर्वाध 24 घंटा विद्युत आपूर्ति के आदेश सरकार द्वारा हैं। भाजपा की योगी सरकार द्वारा भी 18 व 24 घंटे निर्वाध आपूर्ति निरंतर 6 वर्ष से है।
पत्र में उन्होंने कहा है कि जनपद के ग्रामीण क्षेत्रों में ट्यूबेल की भी आपूर्ति विगत कुछ माहों से ठीक नहीं है। सरकार द्वारा प्रातः 6 बजे से सायं 4 बजे तक निर्वाध विद्युत आपूर्ति के आदेश है। जबकि वहाँ भी इस समय आपूर्ति सुचारू नहीं चलती है। जिससे किसान का खेत कई-कई दिन गर्मी में खड़े होकर भी नहीं भर पाता है।
जनपद के नगरीय व ग्रामीण क्षेत्रों की विधुत आपूर्ति की सुचारू व्यवस्था हेतु उ.प्र.पॉवर कारपोरेशन व शीर्ष अधिकारियों को अवगत कराये, जिससे सरकार की मंशानुरूप जनसामान्य को निर्वाध विद्युत आपूर्ति मिल सके। अत्यन्त गम्भीर गर्म मौसम में लोगों को विद्युत व्यवस्था से ही राहत सम्भव है। विद्युत की अनावश्यक कटौती से जन जीवन प्रभावित है। इस गम्भीर विषय पर जिलाधिकारी द्वारा कार्यवाही अबिलम्ब आवश्यक है।
पूर्व पालिका अध्यक्ष आशीष शर्मा ने उक्त गंभीर समस्या से प्रभारी मंत्री, प्रमुख सचिव ऊर्जा, उत्तर प्रदेश शासन एंव सी.एम.डी. पॉवर कॉरपरेशन लखनऊ को भी अवगत कराया है।