हाईटेंशन लाइन की चपेट में आया युवक, मौत, मचा कोहराम

रात्रि में खेत पर जा रहा था युवक:हाईटेंशन लाइन नीचे होने से हुआ हादसा:चार माह पूर्व हुई थी युवक की शादी

सिकंदराराऊ। कोतवाली क्षेत्र के गांव नगला जलाल में बीती रात एक 24 वर्षीय युवक की खेत पर जाते समय विद्युत हाईटेंशन लाइन की चपेट में आने से मौत हो गई। आनन फानन में परिजन युवक को उपचार के लिए निजी अस्पताल लेकर पहुंचे। जहां चिकित्सक ने युवक को मृत घोषित कर दिया। युवक की मौत से परिजनों में चीत्कार मच गया और गांव में शोक की लहर दौड़ गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम को भेज दिया।


बताया जाता है कि गांव नगला जलाल 24 वर्षीय जोगेंद्र पुत्र बहोरी सिंह खेती-बाड़ी कर अपने परिवार का भरण पोषण करता था। मंगलवार की रात्रि को जोगेन्द्र अपने खेत पर जा रहा था। उसके घर के पीछे खेतों से गुजर रही हाईटेंशन लाइन काफी नीचे थी। तभी उसका हाथ हाईटेंशन विद्युत लाइन की चपेट में आ गया। जिससे युवक की मौके पर ही मौत हो गई ।
हादसे के बाद परिजन उसे तत्काल एक निजी अस्पताल लेकर पहुंचे। जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। अस्पताल से परिजन शव को वापस गांव ले आए। युवक की मौत से परिजनों में हाहाकर मच गया और गांव में मातम पसर गया। मामले की सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मृतक के शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया। बताया यह भी जाता है कि चार माह पूर्व जोगेंद्र की शादी हुई थी। ग्रामीणों का कहना है कि गांव में हाईटेंशन विद्युत लाइनें काफी नीचे से होकर गुजर रही हैं । जिसकी शिकायत कई बार विभागीय अधिकारियों से की जा चुकी है, लेकिन अभी तक इस पर कोई ध्यान नहीं दिया गया है। जिससे ग्रामीणों में भारी रोष व्याप्त है। युवक की मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

Dainik Lalsa
Author: Dainik Lalsa

Leave a Comment