मंडलायुक्त श्रीमती संगीता सिंह ने सम्पूर्ण समाधान दिवस में सुनी जनसमस्याएं : विभागीय स्टालों का किया निरीक्षण

हाथरस- 6 जून। तहसील सासनी में आयोजित सम्पूर्ण समाधान दिवस की अध्यक्षता करते हुए मंडलायुक्त अलीगढ़ मण्डल श्रीमती संगीता सिंह़ ने जिलाधिकारी अतुल वत्स व पुलिस अधीक्षक चिरंजीवनाथ सिन्हा के साथ जनसुनवाई करते हुए फरियादियों की शिकायतों एवं समस्याओं को गंभीरता से सुना और संबंधित अधिकारियों को गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
मंडलायुक्त ने तहसील समाधान दिवस के अवसर पर विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों का अवलोकन किया तथा संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रगति एवं लाभार्थियों को प्रदान की जा रही सुविधाओं की जानकारी प्राप्त की। निरीक्षण के दौरान उन्होंने बाल विकास सेवा एवं पुष्टाहार विभाग के स्टॉल का भी अवलोकन किया तथा आंगनबाड़ी कार्यकर्त्रियों द्वारा मिलेट्स (श्रीअन्न) से तैयार खाद्य पदार्थों का स्वाद लेकर उनके पोषण संबंधी महत्व की जानकारी प्राप्त की। उन्होंने कहा कि मिलेट्स पोषण सुरक्षा के साथ-साथ स्वस्थ जीवन शैली को बढ़ावा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

जनसुनवाई के मौके पर मंडलायुक्त ने कहा कि शासन की प्राथमिकता है कि आमजन की समस्याओं का समाधान पारदर्शी, संवेदनशील एवं प्रभावी ढंग से किया जाए, जिससे जनता को त्वरित राहत मिल सके। उन्होंने कहा कि शिकायतों के निस्तारण से अधिक महत्वपूर्ण उनका गुणवत्तापूर्ण एवं संतोषजनक समाधान है। यदि किसी शिकायत की पुनरावृत्ति होती है तो ऐसे निस्तारण का कोई विशेष महत्व नहीं रह जाता। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्रत्येक शिकायत का समयबद्ध, पारदर्शी एवं संतुष्टिपूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए, जिससे गरीब एवं असहाय व्यक्तियों को समस्याओं का स्थायी समाधान भी प्राप्त हो सके और शासन की योजनाओं का लाभ मिल सके। उन्होंने कहा कि यदि कोई प्रकरण न्यायालय में विचाराधीन है और उससे संबंधित बार-बार शिकायतें प्राप्त हो रही हैं, तो शिकायतकर्ता को स्पष्ट रूप से अवगत कराया जाए कि उक्त प्रकरण का अंतिम निस्तारण न्यायालय स्तर पर ही संभव है। उन्होंने निर्देश दिए कि जिन व्यक्तियों को पट्टे आवंटित किए गए हैं तथा जिनके नाम खतौनी में दर्ज हैं, ऐसे प्रकरणों को प्राथमिकता के आधार पर चिन्हित करते हुए संबंधित लाभार्थियों को वास्तविक कब्जा दिलाना सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि पात्र लाभार्थियों को उनके अधिकारों से वंचित न होने दिया जाए तथा राजस्व विभाग ऐसे मामलों का विशेष अभियान चलाकर निस्तारण करे। उन्होंने निर्देशित किया कि यदि किसी योजना अथवा आवेदन की निर्धारित समय-सीमा समाप्त हो चुकी है तो संबंधित आवेदक को इसकी जानकारी समय रहते उपलब्ध कराई जाए, जिससे उसे अनावश्यक रूप से विभिन्न कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें और उसकी समस्या का यथाशीघ्र समाधान हो सके।
तहसील समाधान दिवस के समापन पर जिलाधिकारी ने मंडलायुक्त को आश्वस्त किया कि उनके द्वारा दिए गए निर्देशों का अक्षरशः अनुपालन सुनिश्चित कराया जाएगा तथा प्राप्त शिकायतों के गुणवत्तापूर्ण निस्तारण हेतु सभी संबंधित विभागों को निर्देश दिए।
तहसील समाधान दिवस में सासनी तहसील में कुल 82 प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए, जिनमें से 16 शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। इसी प्रकार सादाबाद तहसील में प्राप्त 29 शिकायतों में से 2 तथा सिकंद्राराऊ तहसील में प्राप्त 92 शिकायतों में से 2 शिकायतों का मौके पर निस्तारण किया गया।
तहसील समाधान दिवस के मौके पर विभिन्न विभागों के अधिकारी व कर्मचारी मौजूद थे। इससे पूर्व जनपद आगमन पर मंडलायुक्त श्रीमती संगीता सिंह का जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक द्वारा पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया और गार्ड ऑफ ऑनर द्वारा सलामी दी गई।












