
हाथरस। मंडलायुक्त अलीगढ़ मंडल श्रीमती संगीता सिंह ने जिलाधिकारी अतुल वत्स एवं पुलिस अधीक्षक चिरंजीव नाथ सिन्हा के साथ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सासनी में 9 से 14 वर्ष आयु वर्ग की बालिकाओं हेतु आयोजित एचपीवी टीकाकरण शिविर का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान मंडलायुक्त ने टीकाकरण अभियान की प्रगति, बालिकाओं के पंजीकरण, टीकाकरण प्रक्रिया एवं प्रगति के संबंध में जानकारी की। जिस पर अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने अवगत कराया कि प्रत्येक सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर प्रतिदिन 10 आशा कार्यकत्रियों द्वारा अपने-अपने क्षेत्रों से पात्र बालिकाओं को एचपीवी टीकाकरण के लिए लेकर आती हैं। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों पर स्टाफ नर्सों द्वारा एचपीवी वैक्सीन लगाई जा रही है। उन्होंने बताया कि प्रत्येक आशा कार्यकत्री द्वारा अपने क्षेत्र की पात्र किशोरियों की ड्यू-लिस्ट तैयार कर ली गई है, जिसके आधार पर टीकाकरण कार्य संचालित किया जा रहा है। जनपद में अब तक 6,733 बालिकाओं को एचपीवी वैक्सीन लगाई जा चुकी है, जिसके परिणामस्वरूप हाथरस जनपद मंडल एवं प्रदेश स्तर पर प्रथम स्थान पर है। इस उपलब्धि पर मंडलायुक्त ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए स्वास्थ्य विभाग की टीम की सराहना की तथा निर्देश दिए कि पात्र सभी बालिकाओं का समयबद्ध रूप से टीकाकरण सुनिश्चित किया जाए और कोई भी बालिका वैक्सीन से वंचित न रहने पाए। उन्होंने कहा कि अभिभावकों को टीके के महत्व एवं इसके लाभों के बारे में व्यापक रूप से जागरूक किया जाए।
मंडलायुक्त ने स्वास्थ्य विभाग को निर्देशित किया कि अभियान की नियमित मॉनिटरिंग करते हुए प्रगति सुनिश्चित की जाए, ताकि कोई भी पात्र बालिका टीकाकरण से वंचित न रह जाए। इस दौरान मंडलायुक्त ने शिविर में अभिभावकों/बालिकाओं से संवाद कर टीकाकरण के लाभों के संबंध में जानकारी प्राप्त की तथा उन्हें स्वास्थ्य के प्रति जागरूक रहने के लिए प्रेरित किया। निरीक्षण के दौरान मुख्य चिकित्साधिकारी, उपजिलाधिकारी सासनी, स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी आदि उपस्थित थे।









