
हाथरस। भारत रत्न देश के सबसे युवा पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय राजीव गांधी के शहादत दिवस पर राजीव गांधी पंचायती राज संगठन के जिलाध्यक्ष कुलदीप कुमार सिंह के नेतृत्व में वृद्ध आश्रम में वृद्धजनों को फल एवं पेय पदार्थ वितरित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की गई।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में कांग्रेस के पूर्व जिलाध्यक्ष एवं कासगंज कोऑर्डिनेटर चन्द्रगुप्त विक्रमादित्य तथा विशिष्ट अतिथि राजीव गांधी पंचायती राज संगठन के प्रदेश सचिव ठाकुर आकाश सिंह मौजूद थे।मुख्य अतिथि चन्द्रगुप्त विक्रमादित्य ने कहा कि स्वर्गीय राजीव गांधी ने देश को आधुनिक सोच, तकनीक और पंचायती राज व्यवस्था की नई दिशा देने का कार्य किया। युवाओं को राजनीति में आगे बढ़ाने का जो सपना उन्होंने देखा था, वह आज भी करोड़ों कार्यकर्ताओं को प्रेरणा देता है। उन्होंने कहा कि राजीव गांधी ने गांव, गरीब, किसान और आम आदमी को मजबूत करने के लिए ऐतिहासिक कार्य किए। देश में सूचना क्रांति और लोकतंत्र को जमीनी स्तर तक पहुंचाने में उनका योगदान सदैव याद किया जाएगा। आज आवश्यकता है कि उनके विचारों और संघर्षों को जन-जन तक पहुंचाया जाए तथा समाज सेवा के माध्यम से उनके आदर्शों को आगे बढ़ाया जाए।
कार्यक्रम में पं.अविनाश चंद पचौरी, जयशंकर पाराशर, राजकुमार, दिनेश कुमार, पीयूष अग्निहोत्री, आमना बेगम, पन्नालाल, संजय कप्तान सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद थे।









