
हाथरस राष्ट्रवादी प्रताप सेना के प्रदेश अध्यक्ष नितिन सिंह शेखावत के आवास पर महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता जिलाध्यक्ष सुनील परमार ने की तथा संचालन अशोक परमार द्वारा किया गया। बैठक में अधिवक्ता समाज की समस्याओं एवं उनके अधिकारों को लेकर विस्तार से चर्चा हुई।
बैठक को संबोधित करते हुए राष्ट्रवादी प्रताप सेना के प्रदेश अध्यक्ष नितिन सिंह शेखावत ने कहा कि वकील समाज न्याय और सत्य की लड़ाई कठिन परिस्थितियों में लड़ता है। वकील सर्दी, गर्मी और बरसात में टीन शेड के नीचे बैठकर आम जनता को न्याय दिलाने का कार्य करते हैं तथा अन्याय और अत्याचार को उजागर करते हैं। यदि अधिवक्ताओं को बैठने के लिए उचित चैंबर तक उपलब्ध नहीं होंगे तो वह न्यायिक कार्य सुचारु रूप से कैसे कर पाएंगे।
उन्होंने कहा कि सरकार को अधिवक्ताओं के सम्मान और सुविधा को ध्यान में रखते हुए जल्द से जल्द चैंबर उपलब्ध कराने चाहिए। वकील समाज देश की सामाजिक रीढ़ है और उनकी मांगों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जाना चाहिए।
बैठक में दीपक राघव, हरेंद्र सिंह, सरजू राणा, साहिल मेवाती, देवेश सिसोदिया, देवेंद्र तोमर एवं भागपाल सहित अन्य पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित थे। सभी ने अधिवक्ताओं की मांगों को शीघ्र पूरा किए जाने की मांग करते हुए वकील समाज के समर्थन में एकजुट रहने का संकल्प लिया।









