


सिकन्द्राराऊ-10 जनवरी। कासगंज रोड स्थित 220 केवीए बिजलीघर पर तैनात कर्मचारी के मकान में बीती रात्रि को विद्युत शॉर्ट सर्किट होने से आग लग गई। आग की चपेट में आकर कमरे में सो रहे 52 वर्षीय विद्युत कर्मचारी की दर्दनाक मौत हो गई और घरेलू सामान जलकर राख हो गया । कॉलोनी में रह रहे लोगों ने अथक प्रयास कर आग पर काबू पाया । घटना से क्षेत्र में अफरा तफरी मच गई और मौके पर लोगो की भीड़ जुट गई । सूचना पर पहुंची पुलिस ने मृतक कर्मचारी के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम को भेज दिया। कर्मचारी की मौत से परिजनों में कोहराम मच गया है।।
बताया जाता है अनिल शर्मा पुत्र राजवीर शर्मा उम्र 52 वर्ष निवासी गांव पिपलोट थाना गभाना जिला अलीगढ़ नगला जलाल बिजली घर पर कार्यरत थे। बिजली घर में ही बनी कॉलोनी में उनका आवास है। बीती रात्रि को आवास में एक कमरे में दो अविवाहित पुत्रियों के साथ उनकी पत्नी सरोज देवी सो रही थी और पास के दूसरे कमरे में अनिल शर्मा सो रहे थे। परिजनो ने बताया कि उनके कमरे में लगी एलसीडी (टीवी) हर समय चल रही थी और अनिल शर्मा सो गए । रात्रि करीब 12 बजे करीब एलसीडी में शॉर्ट सर्किट हो गया । जिससे कमरे में आग लग गई। आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और चारपाई में भी आग लग गई । जिसकी चपेट में आकर अनिल शर्मा की मौके पर मौत हो गई और कमरे में रखा घरेलू सामान भी जलकर खाक हो गया। देर रात्रि को जब उनकी पुत्री अचानक सो कर उठी तो उसने पिता के कमरे से आग की लपटों को उठता देखा । जिससे उसकी चीख निकल गई । शोरगुल सुनकर कॉलोनी में खलबली मच गई । मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। कॉलोनी के लोगो ने समरसेबिल चलाकर भरसक प्रयास कर आग पर काबू पाया ।। घटना में अनिल शर्मा की मौत से परिजनों में हाहाकार मच गया और कॉलोनी में शोक की लहर दौड़ गई। मामले की सूचना पुलिस को दी गई । पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का जायजा लिया और मृतक के शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम को भिजवा दिया। बताया जाता है मृतक की पांच पुत्रियां एवं एक पुत्र है। तीन पुत्रियों की शादी हो चुकी है। दो पुत्रियां एवं पुत्र पढ़ रहे है। शुक्रवार को अनिल शर्मा के इकलौते पुत्र आदर्श शर्मा का जन्मदिन था। जन्मदिन मनाने के लिए पुत्र अपने गांव दादी के पास गया था । कर्मचारी की मौत से परिजनों का रो रोकर बुरा हाल है।









