महिला मजदूर सीढ़ियों से गिरीःमौतःकोहराम

हाथरस। कोतवाली सदर क्षेत्र के बैनीराम बाग में निर्माणाधीन एक बिल्डिंग में काम करते समय आज एक महिला मजदूर की सीढ़ियों से गिरकर दर्दनाक मौत हो गई। महिला मजदूर की मौत से परिवार में भारी कोहराम मच गया है। वहीं घटना की सूचना पाकर मौके पर लोगों की भीड़ लग गई तथा उन्हें तत्काल उपचार हेतु जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। सूचना पाकर पहुंची कोतवाली पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम हेतु भिजवाया है।
बताया जाता है कोतवाली सदर क्षेत्र के बाग बैनीराम में निर्माणाधीन एक बिल्डिंग में कार्य कर रही 55 वर्षीय श्रीमती गुड्डी देवी पत्नी रूपकिशोर आज सुबह सीढ़ियों से नीचे गिर गईं। जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई और उन्हें तत्काल उपचार हेतु जिला अस्पताल ले जाया। जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। बताया जाता है गुड्डी देवी मजदूरी का काम कर रही थीं, तभी अचानक उनका पैर फिसल गया और वह नीचे गिर गईं। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंच गई और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
बताया जाता है मृतक महिला गुड्डी देवी बिजली कॉटन मिल के पास रहती थीं और उनके परिवार में दो बेटियां हैं। घटना के बाद परिजनों में भारी कोहराम मच गया। घटना की जानकारी मिलने पर समाजवादी पार्टी के नेता लल्लन बाबू एड़ सहित कई अन्य लोग भी मौके पर पहुंच गये। सभी ने मृतक महिला के परिवार के लोगों को सांत्वना दी और दुखद घटना पर शोक व्यक्त किया।

Dainik Lalsa
Author: Dainik Lalsa

Leave a Comment