महाशिवरात्रि पर्व पर कावड़ यात्रियों की व्यवस्थाओं को लेकर डीएम एसपी ने लिया जायजा


हाथरस-10 फरवरी। महाशिवरात्रि पर्व के दृष्टिगत कावड़ यात्रियों हेतु जिलाधिकारी अतुल वत्स ने पुलिस अधीक्षक चिरंजीवनाथ सिन्हा के साथ सिकन्द्राराऊ-हाथरस मार्ग का स्थलीय भ्रमण कर यथास्थिति का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
भ्रमण के दौरान जिलाधिकारी ने कांवडियों के आने-जाने वाले सिकन्द्राराऊ-हाथरस मार्ग के नगला रति, सलेमपुर बाईपास कट, वाहनपुर जंक्शन बाईपास, मैण्डू आदि स्थानों का भ्रमण किया गया तथा मार्ग में पर्याप्त पुलिस प्रबन्ध करने हेतु व उन्हें सतर्कता के ड्यूटी करने तथा कावडियों को सामूहिक रूप से जत्थों में रवाना करने हेतु सम्बन्धित को निर्देशित किया गया।
जिलाधिकारी ने एन.एच.ए.आई.को टूटी हुई सड़कों को सही कराने, सड़कों की पैंचिंग कराने एवं जहां निर्माण कार्य चल रहा है वहां रोड सेफ्टी साइनेजिज लगाने के निर्देश दिए गए। कांवड़ यात्रियों हेतु सड़क किनारे फुटपाथ बनाने, जहां पर सड़क संकरी है वहां पर मार्ग को चैड़ा करने तथा कांवड़ यात्रियों के रात्रि में आवागमन हेतु सड़क पर रिफलेक्टर लगाने एवं बैरीकेटिंग कराने के निर्देश दिए। जिससे कि किसी कांवड़ यात्रियों को परेशानी का सामना न करना पड़े। जिलाधिकारी ने जिला प्रशासन द्वारा लगाये जाने वाले कैम्पों को सुरक्षा की दृष्टि से सड़क से हटाकर लगाने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने कांवड़ यात्रियों के ठहरने हेतु बनाये जाने वाले कैम्पों पर आवश्यक मूलभूत सुविधाओं यथा विद्युत, पानी, स्वअल्पाहार आदि की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। कांवड़ियों के आने-जाने व यातायात व्यवस्था को सुचारू रूप से संचालित करने हेतु आवश्यकतानुसार पुलिस बल को तैनात करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सुनिश्चित करें कि महाशिवरात्रि पर्व पर आने-जाने वाले कांवड़ियों को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो।
इसके पश्चात् जिलाधिकारी व पुलिस अधीक्षक ने चैबे वाले महादेव मंदिर में पहुंचकर दर्शन कर मंदिर में जलाभिषेक हेतु आने वाले कांवड़ियों के दृष्टिगत व्यवस्थाओं की जानकारी कर मंदिर परिसर में साफ-सफाई आदि किये जाने के निर्देश दिए। उन्होंने उप जिलाधिकारी सदर को मंदिर परिसर की बाउण्ड्रीवाल को बनवाने हेतु निर्देशित किया।
निरीक्षण के दौरान अपर जिलाधिकारी न्यायिक, उप जिलाधिकारी सदर, उप जिलाधिकारी सिकन्द्राराऊ, क्षेत्राधिकारी पुलिस, थानाध्यक्ष/प्रभारी, प्रभारी निरीक्षक, प्रभारी अधिकारी एनएचएआई तथा अन्य संबंधित अधिकारी आदि उपस्थित थे।

Dainik Lalsa
Author: Dainik Lalsa

Leave a Comment