मैटल, रंग गुलाल, हींग व रेडीमेड पर टैक्स विसंगतियों को उठायाः उत्पीड़न रोकें.

लखनऊ/हाथरस-7 फरवरी। फेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया व्यापार मंडल (फेम) के प्रतिनिधिमंडल ने लखनऊ में राज्य कर (एसजीएसटी) विभाग की प्रमुख सचिव श्रीमती कामिनी रतन चैहान के साथ उच्च स्तरीय बैठक की गई। इस बैठक में प्रदेश के व्यापारियों को जीएसटी प्रणाली में आ रही व्यावहारिक और तकनीकी समस्याओं पर विस्तार से चर्चा की गई और एक 15 सूत्रीय मांग पत्र सौंपा गया।
प्रमुख मांगें और चर्चा के बिंदुओं में बैठक के दौरान फेडरेशन के प्रदेश अध्यक्ष भूपेन्द्र सिंह सोबती ने व्यापारियों का पक्ष रखते हुए विभाग की कार्यप्रणाली में सुधार के सुझाव दिए। उन्होंने विशेष रूप से सचल दल (मोबाइल विंग) की व्यवस्था को समाप्त करने या उसमें सुधार करने की मांग की, ताकि व्यापारियों का मानसिक उत्पीड़न रोका जा सके।
बैठक में वरिष्ठ प्रदेश उपाध्यक्ष अजय कुमार अग्रवाल (मथुरा) ने टैक्स विसंगति की आवाज उठाते हुए व्यापारियों के आर्थिक हितों पर चोट करने वाली टैक्स दरों की विसंगति पर कड़ा पक्ष रखा। उन्होंने प्रमुख सचिव का ध्यान आकर्षित करते हुए कहा कि मेटल क्षेत्र में विसंगति है। मेटल व्यापारियों को कच्चा माल 18 प्रतिशत जीएसटी पर मिलता है, जबकि तैयार माल पर केवल 5 प्रतिशत जीएसटी है। इस 13 प्रतिशत के अंतर के कारण छोटे व्यापारियों की कार्यशील पूंजी विभाग में फंसी रहती है, जिससे व्यापार ठप्प हो रहा है। उन्होंने इसे समान दर पर लाने की मांग की। रेडीमेड गारमेंट्स में वर्तमान में 1000 रुपये तक के कपड़ों पर 5 प्रतिशत और उससे ऊपर 12 प्रतिशत कर है। अजय अग्रवाल ने मांग की कि सभी प्रकार के रेडीमेड कपड़ों को 5 प्रतिशत के एक समान स्लैब में लाया जाए, ताकि विसंगति दूर हो सके।
वरिष्ठ प्रदेश उपाध्यक्ष अजय अग्रवाल ने रंग गुलाल एवं हींग को प्रोत्साहन देने हेतु ब्याज मुक्त सब्सिडी युक्त ऋण सीमा 50 लाख रुपए की जाए। उद्योग लगाने हेतु एनओसी के लिए एकल खिड़की की व्यवस्था की जाए की मांग भी रखी गई।
बैठक में प्रमुख सचिव श्रीमती कामिनी रतन चैहान का रुख अत्यंत सकारात्मक रहा। उन्होंने व्यापारियों की मांगों को ध्यानपूर्वक सुना और आश्वासन दिया कि विभाग इन विसंगतियों और तकनीकी बाधाओं (जैसे पोर्टल की त्रुटियां और बैंक खाते फ्रीज होना) पर सहानुभूतिपूर्वक विचार करेगा।
इस अवसर पर प्रतिनिधि मंडल में मथुरा से वरिष्ठ प्रदेश उपाध्यक्ष अजय कुमार अग्रवाल, जिलाध्यक्ष यशपाल सिंह और जिला उपाध्यक्ष रामदास चतुर्वेदी, प्रदीप बैंदेल, हाथरस के व्यापारियों में फेम जिलाध्यक्ष सुरेश अग्रवाल, जिला कोषाध्यक्ष योगेश बंसल, जिला मंत्री ओमप्रकाश वर्मा, युवा जिला कोषाध्यक्ष कार्तिक अग्रवाल एवं मनोज मिश्रा, बृजेश पंडित आगरा, हाथरस, फर्रुखाबाद बदायूं जिलों से भी व्यापारियों ने भाग लिया। व्यपारियो की एकजुटता का बड़ा समागम यह सौहार्दपूर्ण बैठक रही।









