आगामी महाशिवरात्रि पर्व को जनपद में शांति, आपसी सौहार्द और उल्लास के साथ संपन्न कराने के लिए प्रशासन ने कमर कस ली है। त्यौहारों पर किसी भी प्रकार होने वाली अप्रिय घटनों के प्रति सजगता दिखाते हुए कोतवाली परिसर में डीएम अतुल वत्स और पुलिस कप्तान चिरंजीवी नाथ सिन्हा ने संयुक्त रूप से क्षेत्र के संभ्रांत नागरिकों और गणमान्य व्यक्तियों के साथ एक आवश्यक बैठक आहूत की।शनिवार को आहूत बैठक में दौरान अफसरों ने कहा कि महाशिवरात्रि का पर्व आस्था और प्रेम का प्रतीक है, जिसे सभी को मिलजुलकर पारंपरिक एकता और अखंडता तथा भाईचारे के साथ मनाना चाहिए। उन्होंने अपील की कि किसी भी प्रकार की नई परंपरा न की जाए और निर्धारित रूटों का ही पालन किया जाए। वहीं पुलिस कप्तान ने सुरक्षा व्यवस्था पर जोर देते हुए कहा कि पुलिस प्रशासन चप्पे-चप्पे पर मुस्तैद है, लेकिन व्यवस्था बनाए रखने में जनता का सहयोग अनिवार्य है। उन्होंने कहा कि यदि किसी व्यक्ति को अपने आसपास कोई संदिग्ध गतिविधि या किसी अप्रिय घटना की जानकारी मिलती है, तो वह बिना किसी देरी के तत्काल पुलिस को सूचित करें। समय पर सूचना मिलने से पुलिस त्वरित कार्रवाई कर सकेगी और किसी भी अप्रिय स्थिति को टाला जा सकेगा। अधिकारियों ने बैठक में मौजूद लोगों से अराजक तत्वों पर नजर रखने और सोशल मीडिया पर किसी भी प्रकार की भ्रामक खबर न फैलाने की भी हिदायत दी। इस दौरान शहर के गणमान्य लोग और कोतवाली प्रभारी निरीक्षक अवधेश कुमार ंिसह एसएसआई, एसआई सहित सभी स्टाफ और अफसरान मौजूद थे।









