
हाथरस- 31 जनवरी। अलीगढ़ रोड स्थित गांधी पार्क पर जिला कांग्रेस कमेटी द्वारा राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की पुण्यतिथि सादगी से मनाई गई। इस मौके पर बापू की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी गई तथा विचार गोष्ठी के माध्यम से उनके सत्य व अहिंसा के मंत्र पर चलकर राष्ट्र सेवा का संकल्प लिया गया।
विचार गोष्ठी की अध्यक्षता पूर्व पीसीसी अशोक गुप्ता ने की। मुख्य अतिथि के रूप में पूर्व प्रदेश सचिव पं. ब्रह्मदेव शर्मा, विशेष अतिथि के रूप में मैनपुरी कोऑर्डिनेटर अवधेश बक्शी, किसान कांग्रेस के पूर्व राष्ट्रीय सचिव अजीत गोस्वामी थे। कार्यक्रम का संचालन जिला प्रवक्ता डॉ. मुकेश चंद्रा ने किया।गोष्ठी में वक्ताओ ने कहा कि आज देश में दो विचारधारा चल रही हैं। एक पर कांग्रेस पार्टी जो महात्मा गांधी के सत्य अहिंसा के बताए मार्ग पर चलकर देश में एकता भाईचारे की बात कर सभी धर्म जाति के लोगों को जोड़ने की बात करती है। वही गांधी जी के हत्यारे गोडसे की मानसिकता वाली केंद्र और उत्तर प्रदेश की सत्ताधारी ताकतें जाति व धर्म के नाम पर नफरत के बीज होकर आपस में लड़ाने का काम कर रही है। हमें ऐसी ताकतों से सावधान रहकर देश की एकता व अखंडता के लिए कार्य करना होगा। उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा कि मोदी सरकार ने मनरेगा से महात्मा गांधी का नाम हटाकर गांधीवादी विचारधारा के लोगों के साथ-साथ किसान और मजदूरों के साथ कुठाराघात किया है, जो निंदनीय है।
कार्यक्रम में जिला उपाध्यक्ष शशांक पचोरी एड., जेपी पांडे , प्रभाशंकर शर्मा, ठाकुर कपिल सिंह ,बोहरे राकेश शर्मा, गोविंद चतुर्वेदी, रामकुमार सारस्वत, श्रवण कुमार, जाहिद खान, रूपेश वाल्मीकि आदि काफी संख्या में कांग्रेस जन शामिल थे।












